कानपुर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार देर रात पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की। गुजैनी और ग्वालटोली में हुई पुलिस मुठभेड़ों के दौरान चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी फायरिंग में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
गुजैनी में लूटकांड का खुलासा, दो बदमाश दबोचे
पहली मुठभेड़ गुजैनी थाना क्षेत्र के फतेहपुर रोड पर हुई। पुलिस के मुताबिक, 21 जून को एक महिला से मंगलसूत्र, सोने की चेन और अन्य जेवर लूटने वाले गिरोह की तलाश की जा रही थी। सूचना मिलने पर इलाके की घेराबंदी की गई। इसी दौरान बाइक से भाग रहे दो संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अकरम और जावेद अख्तर के पैर में गोली लगी और दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी कई लूट की वारदातों में शामिल रहे हैं और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
ग्वालटोली में गोलीकांड के आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
दूसरी कार्रवाई ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित टेप्को मिल परिसर में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि हाल ही में हुए गोलीकांड के आरोपी वहां मौजूद हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हरि सिंह उर्फ शुभम के पैर में गोली लगी, जबकि अनुराग खुराना उर्फ शैबी को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि तीसरा आरोपी ऋषभ उर्फ मांगू अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, तीनों पर अरविंद पासवान पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। मौके से एक अवैध तमंचा, कारतूस और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।
कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ कानपुर नगर समेत आसपास के कई जिलों में लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके पूरे आपराधिक नेटवर्क और साथियों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
ग्वालटोली मुठभेड़ के दौरान फरार हुए ऋषभ उर्फ मांगू की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों को लगाया गया है। उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं घायल बदमाशों का इलाज पुलिस सुरक्षा में कराया जा रहा है और बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें:
हापुड़ में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया इनामी बदमाश, फायरिंग में हेड कांस्टेबल को भी लगी गोली
पीलीभीत में यूपी पुलिस और बदमाशों की बीच हुई मुठभेड़, एक लाख के इनामी बदमाश को किया ढेर