शाहजहांपुर के कलान थाना इलाके में एक महिला के साथ मारपीट, जहरीला इंजेक्शन देने और जान से मारने की नीयत से छत से फेंकने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद परिजन पीड़ित महिला को बरेली ले आए जहां उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर बरेली के कैंट थाने में आरोपी पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दहेज के लिए परेशान करने का आरोप
महिला के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह भरतौल के निवासी हैं। उन्होंने साल 2020 में अपनी लड़की की शादी शाहजहांपुर के कलान इलाके के भन्नीखेड़ा के रहने वाले रामगोपाल से की थी। शादी के बाद सलौनी के दो बच्चे हुए। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर लड़की को परेशान करते थे। आरोप है महिला को ससुराल वालों ने एक कमरे में बंद कर दिया। उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसे छत पर ले जाया गया। वहां उसका गला दबाने की कोशिश करने और बाल काटने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के बाद उसे जान से मारने की नीयत से छत से नीचे फेंक दिया गया। नीचे गिरने से महिला को चोट आई और उसका पैर टूट गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद घर के लोग शाहजहांपुर पहुंचे और घायल महिला को बरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
तमंचे की बट से भी हमला करने का आरोप
महिला ने रामगोपाल पर एक और आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रामगोपाल झोलाछाप डॉक्टर है। तहरीर में ससुर पर तमंचे की बट से हमला करने का भी आरोप लगाया गया है। इतना ही नहीं पिता ने आरोप लगाया कि उसके सिर के बाल भी काट लिए। वही घटना की जानकारी उन्हें महिला के पड़ोसी ने फोन करके दी थी। सूचना मिलते ही वह लड़की के ससुराल पहुंचे और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए।
पीड़िता ने बताया कि उसके पति और ससुराल वालों ने उसे छत से फेंक दिया। मेरे पापा से वे पैसों की मांग कर रहे थे। जब उन्होंने मना कर दिया तब मुझे फेंक दिया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसे इंजेक्शन दिया और उसके बाद मारा-पीटा। इसके बाद उसे छत से नीचे फेंक दिया। छत से गिरने से पैर में फ्रैक्चर हुआ है और हाथ में चोट आई है। मुंह पर चोट आई है। महिला के परिजनों ने बताया ससुराल वालों ने उनके पति, सास, देवर, जेठ, ननद पैसों के लिए वो हर समय यही कहते हैं, पैसे दे दो। हमने पैसे दिए नहीं क्योंकि हमारे पास हैं ही नहीं। इसके बाद बेटी को छत से फेंक दिया। इससे पहले महोबा में भी दहेज का मामला सामने आया था। दहेज नहीं देने पर महिला को घर से निकालने का आरोप लगा था।
रिपोर्टः विकास साहनी, बरेली
ये भी पढ़ेंः कासगंज में दिल दहला देने वाली वारदात, लापता युवती का शव ट्यूबवेल की छत पर मिला
गाजियाबाद में बहुत बड़ा फर्जीवाड़ा, बैंक में नकली सोना गिरवी रखकर 1.46 करोड़ का ले लिया लोन