उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां सदर कोतवाली क्षेत्र में एक लापता युवती का शव अत्यंत संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। इस दर्दनाक घटना के बाद से ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों के बीच डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, पूरी घटना कासगंज सदर कोतवाली क्षेत्र के अशोक नगर स्थित किलोनी गांव के पास की है। यहां रहने वाली एक 18 वर्षीय युवती बीती शाम अचानक घर से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी। युवती के देर रात तक वापस न लौटने पर उसके परिवार वाले बेहद चिंतित हो गए। परिजनों ने पूरी रात अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन युवती का कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। रात बीतने के साथ ही परिवार वालों की चिंता और आशंका लगातार बढ़ती जा रही थी।
बंद पड़े ट्यूबवेल की छत पर मिला शव
सुबह होते ही परिजनों और ग्रामीणों के होश तब उड़ गए, जब लापता युवती का शव गांव के पास ही स्थित एक बंद पड़े ट्यूबवेल की छत पर पड़ा देखा गया। युवती का शव नग्न अवस्था में था और उसका गला कटा हुआ था। घटना स्थल का यह खौफनाक मंजर देखकर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की खबर मिलते ही मृतका के घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस बर्बरतापूर्ण हत्या के पीछे की असली वजह क्या है, इसका अभी तक कुछ भी पता नहीं चल सका है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। मामला गंभीर होने के कारण कासगंज के एसपी ओपी सिंह खुद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे उन्होंने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी ओपी सिंह ने बताया कि 18 वर्षीय युवती की हत्या की यह घटना बेहद दुखद है। पुलिस की कई टीमें मामले की गहनता से जांच कर रही हैं। शुरुआती जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिनकी जानकारी जल्द साझा की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में और स्पष्टता आ सकेगी।
कासगंज से अक्षय पालीवाल की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें