उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में आरडीसी स्थित फेडरल बैंक की शाखा में नकली सोने के आभूषण गिरवी रखकर करीब 1.46 करोड़ रुपये का लोन लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक से जुड़े गोल्ड वैल्यूअर और फिनटेक कंपनी के कर्मचारियों की मिलीभगत से 20 अलग-अलग लोन खातों के जरिए बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। बैंक की जांच में गिरवी रखे गए आभूषणों में से अधिकांश नकली पाए गए।
बैंक को 20 खातों के जरिए लगाया गया चूना
शिकायत के मुताबिक 20 खातों के जरिए बैंक को चूना लगाया गया और इनमें से 17 खाते ऐसे थे, जिनमें फिनटेक कंपनी के प्रतिनिधियों के माध्यम से लोन कराया गया था। सभी खातों में रखे गए आभूषणों का मूल्यांकन एक ही एजेंसी की ओर से किया गया था। मामले की शिकायत बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक व शाखा प्रभारी शशिकांत वाणी ने कविनगर पुलिस से की। पुलिस ने 18 नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और आपराधिक साजिश समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
रेंडम चेकिंग में खुला मामला
दरअसल 10 जून 2026 को आरोपी दीपांशु बंसल अपने साथी के साथ बैंक शाखा में आभूषण गिरवी रखकर लोन लेने पहुंचे थे। रेंडम चेकिंग के दौरान बैंक अधिकारियों को आभूषण नकली होने का संदेह हुआ। अधिकारियों ने लोन की प्रक्रिया रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों मौके से फरार हो गए। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने पहले से स्वीकृत गोल्ड लोन खातों में जमा आभूषणों की दोबारा जांच कराई। स्वतंत्र वैल्यूअर से ऑडिट कराने पर कई खातों में गिरवी रखा गया सोना नकली पाया गया। इसके बाद बैंक की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई।
सभी लोन इसी साल अप्रैल से जून के बीच कराए गए
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आपस में मिलीभगत कर बैंक को वित्तीय नुकसान पहुंचा रहे थे। बैंक अधिकारियों के मुताबिक छह लोगों ने दो-दो बार नकली सोना गिरवी रखकर लोन लिया था। सभी लोन इसी वर्ष अप्रैल से जून के बीच कराए गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की भूमिका, बैंक कर्मचारियों और वैल्यूअर की संलिप्तता समेत पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
ये आरोपी किए गए नामजद
दीपांशु बंसल निवासी दिल्ली गेट, गाजियाबाद
मयूर बंसल निवासी कंबल वाली गली, गाजियाबाद
शहजाद खान निवासी पीलीभीत
सिद्धार्थ पांडे निवासी सेक्टर नौ विजयनगर गाजियाबाद
अलीबिन हुसैन निवासी प्रताप विहार, विजयनगर
विकास कुमार निवासी मवाई विजयनगर, गाजियाबाद
कविता निवासी शांतिनगर, विजयनगर, गाजियाबाद
वसीम अब्बास निवासी प्रताप विहार, गाजियाबाद
अश्वनी निवासी विजयनगर, गाजियाबाद
मुकुल कुमार निवासी ओल्ड विजयनगर, गाजियाबाद
साहिल सिंह निवासी शिवपुरी, विजयनगर, गाजियाबाद
अंकुर राजपूत निवासी दयालपुरी, नई दिल्ली
धर्मवीर राम निवासी सोनिया विहार ईस्ट, दिल्ली
मौसीन खान निवासी शिवपुरी, गाजियाबाद
कैफ नौमान निवासी अजनारा होम्स ग्रेटर नोएडा
हर्ष रीजनल मैनेजर रुपीक फिनटेक कंपनी
दीपक डल्ला निवासी शास्त्रीनगर ईस्ट, दिल्ली
अनुराग निवासी माता कॉलोनी, गाजियाबाद
गाजियाबाद से जुबैर अख्तर की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
यूपी के 5 शहरों में रेस्टोरेंट्स पर FSDA का छापा, कहीं कॉकरोच तो कहीं एक्सपायर्ड सामान मिला