1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. महोबा में दहेज की मांग ने तोड़ा रिश्ता, 7 माह की गर्भवती को पीटने और तीन तलाक देकर घर से निकालने का आरोप

महोबा में दहेज की मांग ने तोड़ा रिश्ता, 7 माह की गर्भवती को पीटने और तीन तलाक देकर घर से निकालने का आरोप

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 19, 2026 05:05 pm IST,  Updated : Aug 19, 2026 05:05 pm IST

महोबा में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। शादी के कुछ ही महीनों बाद दहेज की मांग और प्रताड़ना के आरोपों ने एक परिवार को झकझोर कर रख दिया है। पीड़ित महिला सात महीने की गर्भवती बताई जा रही है।

case of dowry harassment in Mahoba- India TV Hindi
यूपी के महोबा में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस में इसकी शिकायत दी है। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के महोबा में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि 10 लाख रुपये नकद और सोने की जंजीर की मांग पूरी न होने पर ससुरालवालों ने सात महीने की गर्भवती महिला के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, पीड़िता के मायकेवालों के पहुंचने पर उनके साथ भी कथित तौर पर अभद्रता और मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद उसके पति ने तीन तलाक देकर उसे घर से बाहर निकाल दिया। घायल महिला को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू करने की बात कही है।

अक्टूबर 2025 में हुई थी शादी, अब घर से निकाला

मामला महोबा शहर के भटीपुरा मोहल्ले का है। पनवाड़ी के मुल्लनपुरा निवासी नसरीन खातून की शादी 14 अक्टूबर 2025 को भटीपुरा निवासी अब्दुल कदीर के साथ हुई थी। पीड़िता के परिवार का कहना है कि शादी में अपनी हैसियत के मुताबिक दान-दहेज दिया गया था, लेकिन आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू हो गई।

10 लाख रुपये और सोने की चेन की हो रही थी मांग

पीड़िता के मुताबिक, पति अब्दुल कदीर, सास नाजरा और ससुर अब्दुल वहीद उस पर 10 लाख रुपये नकद और सोने की जंजीर लाने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसे कथित तौर पर आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। सबसे गंभीर आरोप उस वक्त सामने आया, जब 7 महीने की गर्भवती नसरीन के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि उसके बाल पकड़कर उसे पीटा गया और उसके साथ मारपीट की गई।

घटना की जानकारी मिलने पर नसरीन के भाई मंजूर खान और पिता ससुराल पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वहां उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोप है कि उन्हें जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया गया।

मुकदमा दर्ज, पुलिस कर रही है मामले की जांच

इसके बाद पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने तीन बार तलाक बोलकर उसे घर से बाहर निकाल दिया। सात महीने की गर्भवती महिला के साथ हुई इस घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। मारपीट में घायल नसरीन को उसके परिजनों ने जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज और मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर पति, सास और ससुर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महोबा से शांतनु सोनी की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

सतीश चंद्र मिश्र को बड़ी जिम्मेदारी, ब्राह्मणों को साधने में जुटी मायावती, 2007 की सोशल इंजीनियरिंग दोहराने की कोशिश

लखनऊ में UPSSSC-JE स्टूडेंट्स का प्रदर्शन, डिप्टी CM के आवास का किया घेराव, क्या बोले ब्रजेश पाठक?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।