जबसे सोशल मीडिया आया है लोग मशहूर होने के लिए तरह तरह के कारनामे करने लगे हैं। बदनाम हुए तो क्या नाम न होगा कि तर्ज पर लोग तरह तरह के ऊट पटांग काम करते हैं जिससे वो मशहूर हो जाएं और लोग उनको जानने लगें। ऐसा ही एक कारनामा पाकिस्तान का एक हाई प्रोफाइल नाई कर रहा है। पाकिस्तान का ये नाई उस्तरे या कैंची की जगह हथोड़े और चापड़ जैसी खतरनाक चीजों से लोगों का हेयर स्टाइल बना रहा है। ये बालो को कांच से सेट करता है, उन्हें आग लगाकर स्टाइल बनाता है। इसके खौफनाक तरीके ने जहां सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है वहीं दूसरी तरफ लोग इसे लताड़ भी रहे हैं।
यूट्यूब पर Ary stories नामक चैनल पर पाकिस्तान के इस नाई के कारनामों का एक वीडियो पिछले दिनों एयर किया गया। इस वीडियो में लाहौर के इस नाई का नाम अली अब्बास बताया गया है। जैसा कि वीडियो में देखा जा सकता है, अली अब्बास बाल काटने के साधारण औजारो की जगह कसाई के चापड़ से बाल काट रहे हैं। वो हथौड़ा इस्तेमाल कर रहे हैं। टूटा हुआ कांच और साथ ही बालों में आग लगाने का उनका तरीका किसी को भी भयभीत कर सकता है।
जरा सोचिए अगर चापड़ आपके बालों पर चल रहा हो, और आपकी जुबान या गर्दन जरा भी हिली तो क्या हाल होगा। इतना ही नहीं टूटे कांच से बाल तराशना या बालों में आग ही लगा देना भी डरावना अनुभव हो सकता है।
अली अब्बास के अनोखे तरीके से बाल काटने की तकनीक तब फेमस हो गई जब एक ग्राहक ने उनका वीडियो बना लिया। लोग अनोखे तरीके को पसंद करने लगे और उनकी दुकान पर लाइन लग गई। यहां औरतें भी बाल कटवाने के लिए आने लगी। फिर कुछ न्यूज चैनलों ने भी अली के कारनामे को टीवी पर दिखाया तो अली पाकिस्तान में मशहूर हो गए।
यूं तो दुनिया का दस्तूर है कि नया और हैरतअंगेज कुछ भी हो, लोगों को पसंद आता है लेकिन यहां अली अब्बास के इस कारनामे की तारीफ के साथ साथ खिंचाई भी हो रही है। एक यूजर ने अली अब्बास को संबोधित करते हुए पूछा है कि पहले कसाई थे क्या।
वहीं एक अन्य यूजर ने कहा है कि इस तरह के एक्ट को प्रोत्साहित नहीं करना चाहिए। यह बहुत ही खतरनाक है।