मां दुनिया को वो शब्द है जो भगवान का दर्जा प्राप्त करता है। मां अपने बच्चों के लिए क्या नहीं करती, बच्चे के जन्म से लेकर अपनी मौत तक वो सिर्फ उसी बच्चे की भलाई के लिए सोचती है। कई लोग समय की भागदौड़ और नए जमाने की व्यस्तता के बीच अपने मां बाप के इस त्याग को भूल जाते हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर समय समय पर वायरल होते वीडियो और फोटो उन मां बाप को सजदा करने पर मजबूर कर डालते हैं।
ऐसी ही एक फोटो आजकल सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस फोटो को उद्योगपति हर्ष गोयनका ने शेयर किया और उसके बाद ये वायरल हो गई। फोटो एक बारात का है। फोटो में घोड़े पर बैठा गौरान्वित दूल्हा है और उसके पीछे भारी भरकम लाइट सिर पर लिए खड़ी एक औरत है। औरत ही होती तो शायद चल जाता लेकिन ये औरत एक मां है। इसकी जीवटता की कहानी कह रही इस फोटो में औरत के कंधे पर टंगे एक झोले में उसका दुधमुंहा बच्चा दिख रहा है।
इतनी भारी लाइट सिर पर लेकर खड़ी औरत ये सब बच्चे का पेट भरने के लिए कर रही है, ये साफ समझ आता है। एक बेबस मां की लाचारी देखकर यूजर भावुक हो रहे हैं और ठीक उसी समय वही औरत में मजबूत मां औऱ बच्चे के सुरक्षा कवच के रूप में भी नजर आ रही है।
हर्ष गोयनका ने इस फोटो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जब शेयर किया तो उन्होंने एक भावुक कैप्शन भी दिया था। उन्होंने लिखा था - 'मुझे लगता है कि मैं कभी-कभी बहुत मेहनत करता हूं और फिर मैंने यह तस्वीर देखी. इस मां को मेरा सलाम।'
यकीनन हर्ष गोयनका वो पहले व्यक्ति नहीं होंगे जो इस तस्वीर को देखकर भावुक हो गए होंगे। हम और आप भी इस मां के कई रूपों को देखकर अपनी मां को सलाम कर रहे होंगे। सच कहा जाए तो ऐसी तस्वीरें इंसानों में मानवीयता जैसे मूल्यों को जिंदा रखने में कामयाब होती रही हैं।
फोटो की बात करें तो हर्ष गोयनका द्वारा शेयर किए गए इस फोटो को 20 हजार से ज्यादा लोग पसंद कर चुके हैं। इसे 2.7 हजार बार रीट्वीट किया जा चुका है।