1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. जान जोखिम में डालकर गंगा की सफाई कर रहा ये लड़का, सांप और टूटे कांच के बीच ​इस तरह कर रहा काम; Video

जान जोखिम में डालकर गंगा की सफाई कर रहा ये लड़का, सांप और टूटे कांच के बीच ​इस तरह कर रहा काम; Video

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक 21 वर्षीय शख्स का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने गंगा नदी की सफाई का बीड़ा उठाया है। वीडियो में उनके सामने की चुनौतियों को भी दर्शाया गया है।

21 वर्षीय शख्स का...- India TV Hindi
Image Source : IG/@MB_VLOG_ACTIVA 21 वर्षीय शख्स का वीडियो वायरल।

मध्य प्रदेश में अजनार नदी साफ करने वाले बिट्टू तबाही की तरह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के 21 वर्षीय शिवम कुमार की कहानी भी इन दिनों चर्चा में है। शिवम गंगा नदी की सफाई को अपना मिशन बना चुके हैं। वह अकेले घंटों नदी में उतरकर कचरा निकालते हैं। उनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें वह टूटे कांच और जहरीले सांपों के बीच काम करता दिख रहे हैं।

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @mb_vlog_activa हैंडल से शेयर किया गया है। शिवम पिछले एक साल से वह रोजाना गंगा के किनारे और पानी में जाकर प्लास्टिक, टूटी बोतलें, गत्ते के डिब्बे, पुराने कपड़े और खाने का कचरा निकालते हैं। सिर्फ रबर के दस्ताने पहनकर और पैरों में चप्पल डालकर वह यह काम करते हैं। वीडियो में दिखता है कि कैसे वह कांच के टुकड़ों से भरे इलाकों से गुजरते हैं। एक क्लिप में जहरीले पानी वाले सांप उनके पास तैरते नजर आते हैं। बावजूद इसके वह हिम्मत नहीं हारते और सफाई जारी रखते हैं। उन्होंने बताया कि यह उनके लिए रोज की लड़ाई है। प्रदूषण नदी के जीवों के लिए भी खतरा है। 

आर्थिक समस्या भी चुनौती 

शिवम न सिर्फ सफाई करते हैं बल्कि काम की तलाश भी करते हैं। एक वीडियो में वह दुकान-दुकान घूमकर रोजगार मांगते दिखते हैं। उनका कहना है कि सफाई जारी रखने के लिए आय का स्रोत जरूरी है। वे इसे अपना जुनून बताते हैं और कहते हैं कि गंगा मां की सेवा करना उनका कर्तव्य है। 

यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं 

सोशल मीडिया पर उनके वीडियो की तारीफ हो रही है। लोग उनके साहस और समर्पण की सराहना कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि ऐसे युवा देश की असली ताकत हैं। कुछ ने सहायता की पेशकश भी की। एक यूजर ने कहा, “हमें स्वच्छ भारत अभियान को पुनर्जीवित करने की जरूरत है। सड़कों के गड्ढों और बाकी सब चीजों को भूल जाइए। हमारे मन के अंदर और बाहर दोनों जगह की समस्याओं को दूर करने की जरूरत है। जो समस्याएं पहले से मौजूद हैं, उन्हें साफ करना ही एक बड़ा कदम होगा।”

एक अन्य व्यक्ति ने लिखा, "Gen-Z स्वच्छ, स्वस्थ और अधिक टिकाऊ पर्यावरण में योगदान देने के लिए आगे बढ़ रही है।" 

एक व्यक्ति ने लिखा, “हे शिवम, मैं तुम्हारे पैर छूना चाहता हूं और अपने आंसुओं से तुम्हारे पैर धोना चाहता हूँ। पहाड़ पर चढ़ने के लिए वाकई बहुत साहस चाहिए।”

गौरतलब है कि, इससे पहले एमपी की अजनार नदी साफ करने वाले बिट्टू तबाही से सीएम मोहन यादव ने मुलाकात की थी। इस काम के लिए सीएम ने बिट्टू की काफी तारीफ भी की थी। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -  

बिट्टू तबाही ने डच NGO के CEO से वीडियो कॉल पर की बात, वायरल होने के बाद मिला था जॉब ऑफर; Video