15 अगस्त 2025 को भारत ने अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया। दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर आयोजित भव्य परेड में भारतीय सेना ने अपने अनुशासन, शौर्य, और देशभक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। लेकिन इस बार परेड में एक नन्ही सी मेहमान ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दरअसल ये नन्ही सी मेहमान कोई और नहीं बल्कि एक गिलहरी थी। जो लाल किले की प्राचीर पर लगे राष्ट्रध्वज को भारतीय सेना के साथ सलामी देते हुए नजर आई। इस दौरान उस नन्ही सी जान की तस्वीर को PTI के एक फोटो जर्नलिस्ट अतुल यादव ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। इस तस्वीर ने हर एक भारतीय का दिल जीत लिया।
परेड के दौरान भारतीय सेना के साथ गिलहरी ने दर्ज कराई अपनी मौजूदगी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले पर हर साल की तरह इस बार भी भारतीय सेना की परेड का आयोजन किया गया। सैनिकों की कदमताल, तिरंगे की सलामी, और देशभक्ति से भरे माहौल ने हर किसी को गर्व से भर दिया। लेकिन इस बार एक छोटी सी गिलहरी ने परेड के दौरान भारतीय सेना के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। तस्वीर में देखा जा सकता है कि एक गिलहरी लाल किले के मैदान में भारतीय सेना के सैनिकों के एकदम आगे खड़ी थी, मानो वह भी सैनिकों के साथ परेड में शामिल हो और सेना के साथ तिरंगे को सलामी दे रही हो।
Image Source : PTI/Photographer- Atul Yadavभारतीय सेना के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी देती हुई नजर आई गिलहरी
देशभक्ति में डूबा पूरा देश
लाल किले का यह प्यारा सा पल कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होने लगा। लोग इस गिलहरी को 'नन्हा सैनिक' और 'लाल किले का स्टार' कहकर बुलाने लगे। कई यूजर्स ने इसे देशभक्ति का प्रतीक बताया। लाल किले की इस परेड ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारत का गौरव केवल उसकी सेना या नेताओं में नहीं, बल्कि उसके हर छोटे-बड़े जीव और नागरिक में बसता है। यह गिलहरी, जो अनजाने में परेड का हिस्सा बनी, अब हर भारतीय के दिल में एक खास जगह बना चुकी है।
ये भी पढ़ें:
देश तो आजाद हो गया लेकिन इस बच्चे के मुंह से Happy Independence Day आजाद नहीं हो पाया, Video देख खिलखिला उठेंगे आप
इस गाने पर रील के बिना अधूरा है यह स्वतंत्रता दिवस, शख्स ने Video बनाकर पूरी कर दी रस्म