ग्वालियर जिले भीतरवार थाना परिसर का एक अजीबो गरीब वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक महिला नाचते झूमते नजर आ रही है और आसपास खड़े लोग इसका वीडियो बना रहे हैं। बताया जा रहा है महिला के शरीर में माता रानी आई और वह नाराज होकर थाने के अन्दर नाचने लगी। थाने में मौजूद स्टाफ और लोग उसे इस तरह नाचता देख हैरान रह गए। पुलिस स्टाफ ने पैसे भी चढ़ाए।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ग्वालियर जिले के भीतरवार थाना क्षेत्र में वाहनों की चैंकिंग की जा रही थी। जो भी वाहन चालक बगैर हेलमेट और कागजात यातायात नियमों की अनदेखी करते पाए जा रहे थे, उन पर चालानी कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान वहां से एक बाइक पर सवार होकर पति-पत्नी निकले जो भीतरवार के रहने वाले थे। वह बाजार जा रहे थे लेकिन बगैर हेलमेट और कागजात पूरे नहीं होने उनकी बाइक खड़ी कर ली गई। बाद में जब चालान भरने की बात कही तो युवक ने मना कर दिया जिसके बाद में बाइक को थाने के अंदर भिजवा दिया गया।
अचानक जोर-जोर से चिल्लाते हुए झूमने लगी पत्नी
इसके कुछ देर बाद पति-पत्नी दोनों थाने पहुंचे और गाड़ी छोड़ने की बात कही। थाना स्टाफ से पति की बातचीत चल रही थी कि तभी पत्नी जोर-जोर से चिल्लाते हुए झूमने लगी। यह सब देख वहां हड़कंप मच गया। स्टाफ के लोग कहने लगे कि महिला को माता रानी भर आई और वह नाराज होकर झूम रही है। बता दें कि नवरात्रि का समय चल रहा है, लोगों में माता रानी को लेकर आस्था है ऐसे में सभी लोग माता को मानने का प्रयास करने लगे। वीडियो में यह कहते नजर आ रहे हैं कि हे माता रानी शांत हो जाओ, पानी पी लो और जिसके पास उनकी गाड़ी की चाबी है उसे लौटा दो।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो-
पुलिस स्टाफ ने महिला के पति को बुलाकर उसे मनाने की बात कही लेकिन महिला हाथ ऊपर कर कुछ देर नाचती रही। इतना ही नहीं वहां मौजूद स्टाफ ने कुछ पैसे भी चढ़ाए और बाद में चाबी देकर उनकी बाइक को छोड़ दिया और माता रानी को जाने को कहा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर पुलिस कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। वायरल वीडियो कल देर शाम का भीतरवार थाना परिसर का बताया जा रहा है।
(रिपोर्ट- भूपेन्द्र भदौरिया)
यह भी पढ़ें-
लिफ्ट में अचानक पंडित जी के साथ घट गई घटना, अंदर लगे शीशे से हुए घायल, देखें Video
आवश्यकता ही जुगाड़ की जननी है; आंटी जी ने इस बात को सच साबित कर दिया, देखें Video