यूं तो विदेशी पर्यटक भारत की सांस्कृतिक विविधता, प्राचीन इतिहास और आतिथ्य से मोहित होते हैं। योग, आयुर्वेद, ताजमहल, राजस्थानी महलों, गोवा के बीच और हिमालय की वादियों के अलावा भारतीयों का व्यवहार भी विदेशियों को काफी लुभाता है। ऐसे में लोग भारतीयों की मेहमाननवाली से लेकर उनके मदद करने के व्यवहार से भी काफी इंप्रेस होते हैं। ऐसा ही कुछ एक पोलिश महिला के साथ भी हुआ जब वो एक मेडिकल स्टोर पर अपनी दवा भूल गई थी। खास बात ये है कि, चार दिन बाद जब वो उस दुकान पर पहुंची तो दुकानदार ने उनकी दवा को वैसे ही लौटा दिया। ये देखकर वो बोलीं कि, 'मुझे ये देश बेहद पसंद है।'
इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @domipatalas नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में डोमिनिका पटलस कालरा नाम की इस महिला ने बताया कि 'चार दिन पहले मैंने एक केमिस्ट से कुछ दवाइयां खरीदी थीं और मैं उन्हें अपने बैग में रखना भूल गई थी। मैंने उन्हें वहीं छोड़ दिया था। अब मैं चार दिन बाद यह देखने जा रही हूं कि वे अभी भी वहां हैं या नहीं। मतलब, इसमें उनकी कोई गलती नहीं है, मेरे पिताजी उन्हें ले जाना भूल गए थे, तो चलिए देखते हैं कि वे अभी भी वहां हैं या नहीं।' वीडियो में दिखाया गया है कि वह दुकान में प्रवेश करती है और दवाइयों के बारे में पूछती है। उसने कहा, 'वह कागज़ का थैला जो आपने अभी पैक किया है...' दुकानदार ने तुरंत जवाब दिया, 'जी हां, जी हां!' पैकेट मिलने के बाद उसने दुकानदार को धन्यवाद दिया और खुशी-खुशी दुकान से बाहर निकल गई।
'मुझे भारत इसी वजह से बहुत पसंद है'
दुकान से बाहर निकलते हुए डोमिनिका ने कहा कि, 'ठीक है, मुझे मेरी दवाइयां मिल गईं। वे चार दिनों से मेरा वहां इंतज़ार कर रही थीं। उह... आप जानते हैं, यह मेरे लिए बहुत चौंकाने वाली बात है। भारत इतना बड़ा देश है, इतनी घनी आबादी वाला भी है, और फिर भी चार दिन बाद जब मैं वहां आई तो ये सब चीज़ें मेरा इंतज़ार कर रही थीं। वाह!' कैप्शन में लिखा, 'मुझे भारत से इतना प्यार हो गया है। मैंने कुछ दवाइयां खरीदीं और उन्हें अपने बैग में रखना भूल गई, मैंने उन्हें केमिस्ट की दुकान पर ही छोड़ दिया। चूंकि मैं शहर में नहीं थी, इसलिए चार दिन बाद उन्हें लेने गई और मुझे बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी कि ऐसा होगा। मेरी दवाइयां एक तरफ रखी हुई थीं, मेरा इंतजार कर रही थीं। मुझे यह देखकर हैरानी होती है कि भारत जैसे इतने बड़े देश में, इतनी अधिक आबादी के बावजूद, अभी भी ऐसी घटनाएं हो रही हैं।'
यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स की कई प्रतिक्रियाएं आई हैं। एक यूजर ने लिखा, 'आपको खुश देखकर खुशी हुई। ज्यादातर भारतीय लोग दयालु होते हैं और हमेशा मदद के लिए तैयार रहते हैं।'
दूसरे ने टिप्पणी की, 'ऐसा सिर्फ भारत में ही होता है।'
तीसरे ने लिखा कि, 'यह जानकर अच्छा लगा कि आपको आपकी दवाइयां वापस मिल गईं।'
एक अन्य यूजर ने अपना ऐसा ही अनुभव साझा करते हुए लिखा, 'एक बार मुझे कुछ दवाइयों की जरूरत थी जो उस समय दुकान पर उपलब्ध नहीं थीं। केमिस्ट ने मेरा नंबर और पता लिया और शाम तक मेरे घर पर दवाइयां पहुंचा दीं, यह कहते हुए कि उनका घर उसी रास्ते पर पड़ता है। उन्हें ऐसा करने की जरूरत नहीं थी, लेकिन फिर भी उन्होंने ऐसा किया।'
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
भारत में पोलिश महिला के लिए यादगार बन गई पहली बस यात्रा, खुद बताया किन चीजों से हुई इंप्रेस
पोलिश महिला ने गिनाए भारत में रहने के ढेरों फायदे, फ्री और सस्ती सुविधाओं पर दिया ऐसा रिएक्शन