₹54 लाख किराये वाली भारत की सबसे रॉयल ट्रेन, सफर में आएगी राजाओं वाली फीलिंग, बुकिंग कैसे करें; जानिए प्रोसेस
भारत की एक से बढ़कर एक अनोखी ट्रेनों के बारे में आपने सुना होगा। आज हम आपको भारत की सबसे रॉयल ट्रेन के बारे में बताएंगे जिसका किराया 5 लाख रुपये से 54 लाख रुपये तक हो सकता है।

भारत दुनिया भर में अपनी विरासत, संस्कृति, उद्योग, उन्नत कृषि और अब एडवांस टेक्नोलॉजी के लिए जाना जाता है। भारतीयों के अलावा यहां आने वाले विदेशियों को भी यहां की कई चीजें हैरान कर देती हैं। फिर चाहे वो कोई शहर, पर्यटन स्थल, खाना या बड़ा इनोवेशन इत्यादि ही क्यों न हो। मगर, आज हम आपको भारत की उस शाही विरासत के बारे में बताएंगे जिसके बारे में काफी कम लोग ही जानते हैं और उसका एक्सीरिएंस एकदम रॉयल होता है। दरअसल, हम बात कर रहे हैं भारतीय रेलवे द्वारा संचालित 'महाराजा एक्सप्रेस (Maharaja Express Train)' की, जिसका किराया आपको 5 लाख भारतीय रुपये से लेकर 54 लाख भारतीय रुपये तक देखने को मिल सकता है। इस ट्रेन में किया जाने वाला सफर यात्रियों को रॉयल फीलिंग देता है। इसमें आपको 7 स्टार वाले लग्जरी होटल जैसी लगभग हर सुविधा मिलेगी। आइए महाराजा एक्सप्रेस (The Maharaja Express) के बारे में विस्तार से जानें:
महाराजा एक्सप्रेस ट्रेन
भव्यता से जगमगाती महाराजा एक्सप्रेस एक रॉयल सफर पर ले जाती है। यह ट्रेन स्टाइलिश सजावट, आरामदायक और शानदार आवास सुविधाओं और बहुत कुछ से सुसज्जित है। महाराजा एक्सप्रेस ट्रेन की अनेक सेवाएं यात्रियों पर अमिट छाप छोड़ती हैं। इस ट्रेन के डीलक्स, जूनियर सुइट, सुइट और प्रेसिडेंशियल सुइट नामक उच्च श्रेणी के केबिन आपको सबसे स्टाइलिश और आरामदायक वातावरण का आनंद लेने का अवसर देते हैं।
महाराजा एक्सप्रेस में डीलक्स केबिन के लिए 5 डिब्बे, जूनियर सुइट्स के लिए 6, सुइट्स के लिए 2 और एक शानदार प्रेसिडेंशियल सुइट के लिए एक डिब्बा है। हर केबिन में बड़ी पैनोरमिक खिड़कियां हैं। सभी पैसेंजर केबिन में एयर कंडीशनिंग है। LCD टेलीविजन, DVD प्लेयर, डायरेक्ट डायल टेलीफ़ोन और इंटरनेट की सुविधा मिलती है। इन-हाउस फिल्में और लाइव टेलीविजन भी शाही सफर के दौरान यात्रियों का मनोरंजन करते रहते हैं। महाराजा एक्सप्रेस में 110/230V सॉकेट लगे हैं।
ट्रेन में मिलेंगे लग्जरी रेस्टोरेंट
महराजा एक्सप्रेस ट्रेन में 2 लग्जरी फाइन डाइनिंग रेस्टोरेंट मिलते हैं। रेस्टोरेंट के नाम उनके शानदार डिजाइन, माहौल और कॉन्सेप्ट के हिसाब से एकदम सही हैं। इनमें से एक है "मयूर महल", जिसका नाम भारत के खूबसूरत राष्ट्रीय पक्षी मोर के नाम पर रखा गया है, जिसे प्यार से मयूर कहा जाता है और दूसरा है "रंग महल", जिसका मतलब है रंगों का महल जिसकी छत हाथ से पेंट की गई फ्रेस्को से सजी है।
दोनों बढ़िया डाइनिंग रेस्टोरेंट में किसी भी समय 42 मेहमान आराम से बैठ सकते हैं। एक तरफ, इस सेटअप में दो लोग बैठ सकते हैं जो अकेले में बातचीत करते हुए खाना पसंद करते हैं और दूसरी तरफ, उन मेहमानों के लिए चार लोगों के बैठने की जगह भी है।
महाराज एक्सप्रेस के सुइट
महाराजा एक्सप्रेस में लग्जरी ट्रेन सुइट की सुविधा मिलती है। ट्रेन में सुइट रूम 220 स्क्वायर फीट के हैं। सुइट्स के कोच का नाम 'डायमंड कोच' और 'ब्लू सफायर' कोच हैं। सभी सुइट डबल बेड वाले हैं और उनमें बड़ी पैनोरमिक खिड़कियां हैं। सुइट रूम में साइड टेबल के साथ गद्देदार आर्म-चेयर, बिस्तर के नीचे सामान रखने की जगह, OTT मेंबरशिप, वाईफाई-इंटरकॉम फैसिलिटी, AC, अलमारी, शॉवर के लिए ठंडे-गर्म पानी, बाथरोब, CCTV कैमरे, स्मोक अलार्म, RFID डोर लॉक, एक पैरामेडिक की 24 घंटे सर्विस समेत कई और कॉम्प्लिमेंट्री सुविधाएं मिलती हैं। रेल के हर कोच में एक मिनी-पेंट्री है और ध्यान से और तुरंत सर्विस देने के लिए एक वैलेट मौजूद रहता है।
महाराजा एक्सप्रेस का रूट
महाराजा एक्सप्रेस भारत के पांच उत्तरी और उत्तर-मध्य राज्यों की एक शानदार यात्रा कराती है। महाराजा एक्सप्रेस ट्रेनों में आराम से राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और दिल्ली की यात्रा कर सकते हैं। इसके रूट को चार अलग-अलग वर्गों में बांटा गया है। इसके तहत ट्रेन इन शहरों की यात्रा कराती है:
- हेरिटेज ऑफ इंडिया (6 रातें/7 दिन): मुंबई, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, रणथंभौर, फतेहपुर सीकरी, आगरा, दिल्ली।
- इंडियन पैनोरमा (6 रातें/7 दिन): दिल्ली, जयपुर, रणथंभौर, फतेहपुर सीकरी, आगरा, ओरछा, खजुराहो, वाराणसी, दिल्ली।
- इंडियन स्प्लेंडर (6 रातें/7 दिन): दिल्ली, आगरा, रणथंभौर, जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर, मुंबई।
- ट्रेजर्स ऑफ इंडिया (3 रातें/4 दिन): दिल्ली, आगरा, रणथंभौर, जयपुर, दिल्ली।
महाराजा एक्सप्रेस ट्रेन का किराया
महाराजा एक्सप्रेस ट्रेन का किराया ट्रैवल कैटेगरी रूट, सफर की ड्यूरेशन और पैकेज पर निर्भर करती हैं। जो कि 5 लाख रुपये से लेकर 54 लाख रुपये तक हो सकती हैं। इस ट्रेन की टिकट की बुकिंग करते समय यात्रियों से जर्नी आइटिनरी, सुइट कैटेगरी, यात्रियों-केबिन की संख्या पूछी जाती है। उसमें भरी जाने वाली डिटेल्स के आधार पर आपको कीमतें बताई जाती हैं। मसलन, 13 दिसंबर 2026 के लिए एक यात्री को हेरिटेज ऑफ इंडिया आइटिनरी में डीलक्स केबिन ट्विन (₹15,76,575), सुइट डबल (₹31,94,100), प्रेसिडेंशियल सुइट डबल (₹54,87,300) के विकल्प मिलेंगे। ट्रेन के किराये की कीमतें उसके आइटिनरी, सुइट कैटेगरी, यात्रियों-केबिन की संख्या और ट्रेन की उपलब्धता की तिथि के मुताबिक अलग-अलग मिल सकती हैं। ये कीमतें भारतीय रेलवे द्वारा 2027-28 वर्ष के लिए तय की गई हैं। किसी भी कारण से किराये में बढ़ोतरी संभव है।
महाराजा एक्सप्रेस में बुकिंग का प्रोसेस
IRCTC कार्यालयों और IRCTC के अधिकृत एजेंटों के माध्यम से भी महाराजा एक्सप्रेस की यात्रा बुक की जा सकती है। यदि आप ऑनलाइन टिकट बुक करनी है तो महाराजा एक्सप्रेस ट्रेन में बुकिंग करने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें:
- आधिकारिक वेबसाइट https://www.the-maharajas.com पर जाएं
- "अभी बुक करें" पर क्लिक करें
- यात्रा के 4 पैकेज टूर में से अपना विकल्प चुनें
- प्रस्थान तिथि चुनें
- 4 सुइट्स में अपना विकल्प चुनें
- इसके बाद केबिन की विंडो खुलेगी
- 6 में से अपने केबिन को चुनें
- वयस्क यात्री की संख्या चुनें
- बच्चों की संख्या और फिर उनकी DOB भरें
- भारतीय मुद्रा या डॉलर में पेमेंट का विकल्प चुनें
- अपनी IRCTC या गेस्ट आईडी से लॉग इन करें
- अपने ट्रैवल शेड्यूल को देखकर बगल वाली विंडो में दिख रहे PROCEED पर क्लिक करें
- नाम, उम्र, प्रदेश, नागरिकता, मोबाइल नंबर, ई-मेल और रिफरेंस डिटेल भरें
- अगली विंडो पर डिटेल्स चेक करने के बाद Pay Now पर क्लिक करें
- IRCTC की विंडो से अपना भुगतान करें
- टिकट बुक होते ही उसे डाउनलोड करें
ट्रैवल से पहले ध्यान रखें ये बातें
महराजा एक्सप्रेस में यात्रा करने से पहले आपको कई बातें ध्यान में रखने की आवश्यकता है। इससे यात्रियों की यात्रा पूरी तरह सुविधाजनक होगी और सफर आनंददायक होगा। जानिए ये बातें:
- अगर विदेशी टूरिस्ट येलो फीवर वाले देशों से आ रहे हैं या वहां से यात्रा कर रहे हैं, तो उनके पास इंटरनेशनल हेल्थ नियमों के हिसाब से येलो फीवर वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट होना चाहिए। एंटी-मलेरिया सावधानियां बरतनी चाहिए।
- भारतीय या विदेशी टूरिस्ट अगर किसी दवा का सेवन कर रहे हैं तो यात्रा के दौरान उसे जरूर रखें।
- टूरिस्ट्स-NRI को सलाह दी जाती है कि वे अपनी दवाएं साथ रखें, क्योंकि भारत में सभी दवाएं लोकल लेवल पर बनती हैं और हो सकता है कि एक जैसे ब्रांड नाम न मिलें।
- कृपया बुकिंग के समय कोई भी बीमारी बताएं और बोर्डिंग के समय गेस्ट रिलेशन मैनेजर को इसकी जानकारी दें।
- अगर किसी खाने-पीने की कोई खास जरूरत या एलर्जी है, तो बुकिंग के समय और ट्रेन में शेफ/ट्रेन मैनेजर को जरूर बताएं।
- जंगल सफारी जैसी कुछ ट्रिप खुली गाड़ियों में की जाएंगी। ऐसे में जिन्हें धूल से एलर्जी है उन्हें दवा/इनहेलर साथ रखना चाहिए।
- ट्रैवल डॉक्यूमेंट्स (जो सिर्फ बताए गए पैसेंजर के लिए वैलिड हैं) डिपार्चर के समय अपनी बुकिंग का कन्फर्मेशन अपने साथ रखें।
- प्री-बोर्डिंग फॉर्मैलिटीज के लिए मुंबई और दिल्ली में डिपार्चर से कम से कम 1 घंटा पहले चेक-इन करना होगा।
- चेक-इन मुंबई और दिल्ली में पहले से तय जगह पर होगा।
- दिसंबर-जनवरी के दौरान उत्तरी इलाकों में कोहरे की वजह देरी हो सकती है। इसलिए उतरने के बाद आगे की यात्रा का प्लान काफी समय लेकर बनाएं।
गौरतलब है कि, इससे पहले हमने आपको रेलवे की जनरल नॉलेज से संबंधी कई जानकारियों के बारे में बताया है।
ये भी पढ़ें -
ट्रेन के कोच पर M1 का बोर्ड क्यों लगा होता है, जान लीजिए नहीं तो पछताएंगे; ये रही डिटेल