Bumper Lottery Result: संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाली एक भारतीय नर्स की किस्मत उस वक्त चमक उठी जब उसे पता चला कि उसकी लॉटरी लगी है। ये खबर पाते ही उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा और पांच साल पुरानी उम्मीद एक विजयी वास्तविकता में बदल गई। गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अजमान में रहने वाली 40 वर्षीय पंजीकृत नर्स टिंटू जेसमोन ने बिग टिकट ड्रॉ सीरीज 281 में 100,000 दिरहम (लगभग 24 लाख रुपये) जीते हैं। केरल की मूल निवासी जेसमोन पिछले 15 वर्षों से अजमान में रह रही हैं। उन्होंने 30 नवंबर को 10 प्रतिभागियों के एक समूह के हिस्से के रूप में विजेता टिकट (नंबर 522882) खरीदा था। बिग टिकट खरीदने वालों के बीच समूह में टिकट खरीदना एक लोकप्रिय विकल्प है, जिससे प्रतिभागियों को टिकट की कीमत के साथ-साथ पुरस्कार राशि भी साझा करने की सुविधा मिलती है।
क्या करेंगी इस धनराशि का
जैसे ही जेसमोन को अपनी जीत के बारे में पता चला, वह खुशी से झूम उठीं। उन्होंने समाचार एजेंसी को बताया, 'मुझे यह जानकर बहुत खुशी हुई कि मैं जीत गई हूं।' रिपोर्ट्स के अनुसार, जेसमोन को बिग टिकट के बारे में पहली बार सोशल मीडिया, दोस्तों और सहकर्मियों के माध्यम से पता चला और उन्होंने पांच साल पहले अपनी किस्मत आजमाने का फैसला किया। उनकी लगन आखिरकार इस जीत के साथ रंग लाई। जेसमोन ने कहा कि वह पुरस्कार राशि को समूह के सदस्यों के बीच समान रूप से बांट देंगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह दोबारा जीतने की उम्मीद में बिग टिकट एंट्री खरीदती रहेंगी।
केरल के एक और शख्स को लगा था जैकपॉट
इस साल की शुरुआत में, केरल के एक अन्य निवासी ने 3 करोड़ यूएई दिरहम (लगभग 70,56,65,400 रुपये) जीते थे। बहरीन में चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत मनु मोहनन ने बिग टिकट रैफल के लिए दो टिकट खरीदे थे। 'दो टिकट खरीदो, एक मुफ्त पाओ' योजना के तहत उन्हें एक टिकट मुफ्त मिला। लाइव टीवी शो में ड्रॉ के दौरान, होस्ट ने मोहनन को बुलाया और बताया कि उन्होंने टिकट नंबर 535948 पर 3 करोड़ दिरहम जीते हैं। हैरान मोहनन को होस्ट से तीन बार पूछना पड़ा कि क्या वह जो सुन रहे हैं वह सच है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
कोहरे में बिना चूके कैसे फ्लाइट लैंड कराते हैं पायलट, किन चीजों का रखते हैं ध्यान; पूरा प्रोसेस सुनकर दिमाग घूम जाएगा
ट्रेन के इंजन को जंजीरों से क्यों बांधा जाता है, आखिरकार पता चल ही गया; सुनकर यकीन नहीं होगा