एप्पल ने हाल ही में iPhone 18 Pro सीरीज लॉन्च की है और नए मॉडल के रंग-रूप की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि भारतीय बाजार ने अपना जुगाड़ दिखा दिया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे एक लोकल रिपेयर शॉप में iPhone 17 Pro को बाहरी रूप से iPhone 18 Pro जैसा बना दिया गया। यूजर्स ने इसे देखकर मजाक में कहा—‘जुगाड़ प्रधान देश।’
एक्स पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को एक्स पर @iNikhilsaini नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में एक मोबाइल रिपेयर शॉप का कर्मचारी कस्टमर के iPhone 17 Pro को पहले अच्छी तरह साफ करता नजर आता है। इसके बाद वह फोन के पिछले हिस्से पर बर्गरंडी (Burgundy) रंग का नया पैनल लगाता है और मैचिंग फ्रेम/बॉर्डर फिट कर देता है। काम पूरा होने के बाद बाहर से देखने पर फोन बिल्कुल नए लॉन्च हुए Burgundy iPhone 18 Pro जैसा दिखने लगता है। कैप्शन में लिखा गया- “दरअसल, iPhone 18 Pro और Pro Max का समय खत्म हो चुका है। भारतीय बाज़ारों में पहले से ही iPhone 17 Pro और Pro Max पर 18 सीरीज़ के कन्वर्टर किट लगाए जाने शुरू हो गए हैं। अगर एकमात्र बड़ा अंतर रंग का है, तो iPhone 18 सीरीज़ मुश्किल में है।”
यूजर्स की प्रतिक्रिया
वीडियो तेजी से वायरल हुआ और कमेंट्स में ‘जुगाड़ प्रधान देश’, ‘India is not for beginners’, ‘Desi jugaad at its best’ जैसे रिएक्शन छा गए। कई लोगों ने कहा कि अगर सिर्फ रंग का फर्क है तो लोग महंगे नए मॉडल की जगह पुराने फोन पर किट लगवाकर काम चला लेंगे। कुछ ने मजाक में लिखा कि एप्पल को अब रंग बदलने से पहले सोच लेना चाहिए।
एक यूजर ने लिखा कि, 'बिल्कुल असली लग रहा है। भारतीयों का जुगाड़।'
दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'जुगाड़ प्रधान देश है भारत।'
तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'इस दिखावे का क्या मतलब है?'
चौथे यूजर ने लिखा कि, 'जो लोग असल तकनीक से ज्यादा यह दिखावा करने में रुचि रखते हैं कि उनके पास नवीनतम आईफोन है, वे निश्चित रूप से इसे खरीदेंगे।'
पांचवें यूजर ने लिखा कि, 'मैं कभी उस झांसे में नहीं आया!
एप्पल के नए मॉडल और रंग
iPhone 18 Pro और Pro Max में एप्पल ने Burgundy, Glacier, Black और Silver जैसे नए रंग विकल्प दिए हैं। डिजाइन में बड़े बदलाव नहीं हैं—कैमरा प्लेटो और समग्र शक्ल iPhone 17 Pro से काफी मिलती-जुलती है। कुछ छोटी-मोटी बातें जैसे छोटा Dynamic Island, यूनिफॉर्म रियर फिनिश और अंदरूनी अपग्रेड (A20 Pro चिप, वेरिएबल एपर्चर कैमरा आदि) हैं। लेकिन बाहरी रूप से रंग ही सबसे नजर आने वाला फर्क है, जिस पर भारतीय जुगाड़ ने कब्जा जमा लिया।
गौरतलब है कि, इससे पहले नए iPhone की कीमतों पर बने मीम्स पहले से ही काफी ट्रेंड कर रहे हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
कैब ड्राइवर ने यात्री का iPhone 16 लौटाया, इनाम मिलते ही यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं; देखें Video