महानगरों में कैब सेवाओं के दौरान यात्रियों की खोई हुई वस्तुएं लौटाने के कई मामले सामने आते रहते हैं, लेकिन हाल ही में मुंबई के एक ओला ड्राइवर की ईमानदारी ने सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर लीं। ड्राइवर मीर शेख ने यात्री द्वारा कैब में भूल गए महंगे आईफोन 16 को वापस लौटाया और बदले में ₹2,500 का इनाम प्राप्त किया। घटना मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में हुई। मीर शेख ने एक राइड पूरी करने के बाद अपनी कैब में एक आईफोन 16 पाया। यात्री बुजुर्ग थे और फोन से संपर्क करने का कोई तत्काल तरीका नहीं था। शेख ने फोन अपने पास सुरक्षित रखा और इंतजार किया। कुछ समय बाद यात्री का कॉल आया। पता चला कि वे मालाबार हिल में हैं। शेख ने खुद ड्राइव करके मालाबार हिल पहुंचा और फोन लौटाया।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @the_meer_shk नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में शेख को बांद्रा-वर्ली सी लिंक पार करते हुए और यात्री से मिलते हुए दिखाया गया है। फोन देते हुए उन्होंने कहा, “ये लीजिए आप प्लीज।” यात्री ने धन्यवाद देते हुए कहा कि वापस आने के लिए शुक्रिया। शेख ने जवाब दिया, “You’re welcome, sir।” फोन लौटाने के बाद यात्री ने कृतज्ञता स्वरूप ₹2,500 दिए। शेख ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए बताया, “मैंने सर को उनका फोन वापस दिया और सर ने मुझे 2,500 रुपये दिए। मैंने इससे पहले भी वीडियो बनाया था-ईमानदारी को हमेशा ऐसे ही पुरस्कृत किया जाना चाहिए। धन्यवाद सर!”
यूजर्स को पसंद आया वीडियो
यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। सोशल मीडिया यूजर्स ने शेख की तारीफ की। कई लोगों ने लिखा कि ऐसे ईमानदार ड्राइवर समाज के लिए मिसाल हैं। कुछ ने कहा कि महंगे फोन को लौटाना आसान नहीं, खासकर जब संपर्क मुश्किल हो। इंटरनेट पर प्रतिक्रियाएं सकारात्मक रहीं और कई यूजर्स ने ओला जैसे प्लेटफॉर्म्स से ऐसे ड्राइवरों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो को देखने के बाद एक यूजर ने लिखा कि, 'इंसानियत अभी भी ज़िंदा है। इस ईमानदार ड्राइवर को सलाम।'
दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'ईमानदारी ही सबसे अच्छी नीति है।'
तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'आज इंटरनेट पर सबसे अच्छा वीडियो।'
गौरतलब है कि,इससे पहले एक कैब ड्राइवर का रात 9:30 बजे महिला को चश्मा लौटाने का वीडियो वायरल हुआ था। इस पर ड्राइवर की ईमानदारी पर यूजर्स ने जमकर तारीफ की थी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
पर्स लौटाने आए कैब ड्राइवर की तारीफ में शख्स ने बनाया Video, वायरल होते ही कंपनी ने दिया जवाब