1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 'पासकोड बोलो जल्दी.. 'iPhone चोरी करने के बाद चोर ने किया मैसेज, सोशल मीडिया पर Viral हो रहा Video

'पासकोड बोलो जल्दी.. 'iPhone चोरी करने के बाद चोर ने किया मैसेज, सोशल मीडिया पर Viral हो रहा Video

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक युवती ने बताया कि iPhone चोरी करने के बाद चोर ने उसे मैसेज करके पासवर्ड मांगा।

Uttarakhand woman video, Uttarakhand woman iphobe 15 case, iPhone 15 stolen case, viral video - India TV Hindi
Image Source : X/@FUN_FACT369 मोबाइल चोरी घटना का शिकार हुई युवती।

देहरादून के क्लेमेंट टाउन इलाके में iPhone चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि चोर ने फोन चुरा लेने के बाद न सिर्फ संपर्क किया बल्कि बार-बार पासकोड मांगने लगा। महिला ने सोशल मीडिया पर मैसेज के स्क्रीनशॉट, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध की तस्वीर शेयर कर पूरा मामला सामने रखा है। इस घटना ने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी है।  

एक्स पर वायरल हो रहा वीडियो 

इस वीडियो को एक्स पर @Fun_Fact369 नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में युवती ने बताया कि, 12 सितंबर 2026 को उनके भाई का आईफोन चोरी हो गया। सुबह करीब 6:30 बजे फोन इस्तेमाल किया गया था और 8:45 बजे तक वह गायब हो चुका था। कमरे का दरवाजा खुला था। बिल्डिंग के सीसीटीवी में दो संदिग्ध व्यक्ति कमरे की तरफ जाते और वापस आते दिखे। उसी दिन इलाके में कई अन्य मोबाइल, लैपटॉप और कीमती सामान भी चोरी हुए। पीड़ित पक्ष का दावा है कि आसपास के पीजी और हॉस्टल से भी लाखों रुपये का सामान उड़ाया गया।

मैसेज करके पासवर्ड मांगने लगा चोर 

दावा है कि, चोरी के कुछ दिनों बाद एसएमएस और व्हाट्सएप पर मैसेज आने लगे। संदेश में बार-बार “पासकोड बोलो फास्ट” या “पासकोड बोलो जल्दी” लिखा था। चोर ने साबित करने के लिए फोन के होम स्क्रीन की तस्वीर भी भेजी, जिसमें भाई की फोटो वॉलपेपर के रूप में थी। कौशिकी ने पूछा कि क्या उनके भाई का फोन उनके पास है और कैसे उनका नंबर मिला, लेकिन जवाब में सिर्फ पासकोड की मांग दोहराई जाती रही। उन्होंने पासकोड नहीं दिया और संपर्क तोड़ दिया। 

चोर की हिम्मत पर यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया 

यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हुई। लोग चोर की हिम्मत पर हैरान हैं कि वह खुद पीड़ित से संपर्क कर पासकोड मांग रहा है। कई यूजर्स ने पुलिस की जवाबदेही पर सवाल उठाए। कुछ ने आईफोन की सुरक्षा सुविधाओं की तारीफ की कि लॉक होने के कारण चोर पासकोड मांगने को मजबूर हुआ। जबकि कुछ ने आईफोन पासवर्ड की असामान्य मांग पर ध्यान केंद्रित किया है, जबकि अन्य ने पुलिस की कथित कार्रवाई की आलोचना की है। 

एक व्यक्ति ने लिखा, "पुलिस का सरकारी कार्यालय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक ही खुला रहता है। अगर यह कॉर्पोरेट कार्यालय के अंतर्गत आता, तो यह 24 घंटे सेवा प्रदान करता।"

दूसरे ने कहा कि, "एक बार लॉक हो गया तो… आईफोन बिल्कुल नहीं खुल सकता… या तो इसे वापस कर दो या फेंक दो।"

तीसरे व्यक्ति ने चुटकी लेते हुए कहा, "क्या छोड़ बनेगा रे तू।"

उत्तराखंड पुलिस पर लगाए ढिलाई के आरोप

युवती का कहना है कि चोरी हुए आईफोन की लॉक्ड स्क्रीन पर एक कॉन्टैक्ट नंबर (संभवतः इमरजेंसी कॉन्टैक्ट) दिख रहा था, जिससे चोर ने परिवार से संपर्क साधा। उन्होंने पुलिस को स्क्रीनशॉट, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध की तस्वीर सौंपी। एक मैसेज आने के बाद रात करीब 10 बजे थाने गईं, लेकिन अगली सुबह आने को कहा गया। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस पर आरोप लगाया कि इलाके में चोरियां आम हो गई हैं, सबूत दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही।

पुलिस ने दी प्रतिक्रिया 

एक्स पर शेयर किए गए इसी वीडियो के जवाब में उत्तराखंड पुलिस ने लिखा कि, 'उक्त प्रकरण में दिनांक 13.9.2026 को शिकायतकर्ता निवासी क्लेमेंटाउन देहरादून द्वारा उनका मोबाइल आईफोन-15 चोरी होने के संबंध में शिकायत दी गई तथा शिकायतकर्ता द्वारा IMEI नंबर ज्ञात न होने के कारण कुछ दिन बाद मोबाइल का आईएमईआई उपलब्ध कराया गया, जिसे पुलिस द्वारा मोबाइल को CEIR पोर्टल मे ट्रेस करने हेतु लगाया गया है। वर्तमान में जांच प्रचलित है।'  

गौरतलब है कि, इससे पहले iPhone 18 Pro Max के साथ अजीबोगरीब एक्सपेरिमेंट का वीडियो वायरल हुआ था। 
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -

iPhone 18 के लिए उमड़ी भीड़ पर सोनू सूद ने ऐसे लिए मजे, लोगों को दी बेहद जरूरी सलाह