1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. इस बैलगाड़ी के मालिक को शत-शत नमन, बैल को धूप से बचाने के लिए लगाया तगड़ा जुगाड़, वायरल तस्वीर ने जीता लोगों का दिल

इस बैलगाड़ी के मालिक को शत-शत नमन, बैल को धूप से बचाने के लिए लगाया तगड़ा जुगाड़, वायरल तस्वीर ने जीता लोगों का दिल

बैलगाड़ी भारत के ग्रामीण इलाकों में यातायात और सामान ढोने का सबसे पुराना साधन रही है। खैर इस आधुनिक जमाने में बैलगाड़ियां तो अब पूरी तरह से विलुप्त हो चुकी हैं लेकिन हाल में ही सोशल मीडिया पर एक वायरल तस्वीर ने पुरानी यादों को फिर से जिंदा कर दिया। जिसे देखने के बाद लोग इस बैलगाड़ी के मालिक की खूब तारीफ कर रहे हैं।

बैलगाड़ी की ये तस्वीर सोशल मीडिया पर हो रही वायरल- India TV Hindi
Image Source : SOCIAL MEDIA बैलगाड़ी की ये तस्वीर सोशल मीडिया पर हो रही वायरल

भारत में बैलगाड़ी एक समय पर ग्रामीण जीवन की रीढ़ रही है। लेकिन अब इस आधुनिक युग में, ट्रैक्टर और मशीनों ने बैलगाड़ियों की जगह ले ली है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जो मानवता और पशुओं के प्रति संवेदनशीलता की मिसाल बन गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस तस्वीर में एक बैलगाड़ी पर टेंट लगा हुआ दिख रहा है। जिसे बैल को तपती धूप से बचाने के लिए लगाया गया है। इस अनोखे जुगाड़ ने न केवल लोगों का ध्यान खींचा, बल्कि बैल के मालिक को दुआएं भी दिलाईं।

तस्वीर जो बन गई मिसाल

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर इस तस्वीर को @18plusbatch नामक अकाउंट से शेयर किया गया है। तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, "इस मालिक को हजार बार सलाम" वायरल हो रहे इस तस्वीर में एक बैलगाड़ी दिखाई दे रही है, जिसमें बैल के ऊपर बांस और बोरी से बना एक छायादार टेंट लगा हुआ है। यह टेंट बैल को तपती धूप और गर्मी से राहत देने के लिए बनाया गया है, ताकि वह आराम से गाड़ी खींच सके। इस तस्वीर को देखने के बाद लोग इस नेक काम के लिए इस बैल के मालिक की तारीफ कर रहे हैं।

लोगों ने बैल के मालिक की सराहना की

वायरल हो रही इस तस्वीर को देख लोग इसे एक मानवता की सच्ची तस्वीर बता रहे हैं। पोस्ट पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "पशुओं से सिर्फ काम लेना ही काफी नहीं, उनका ख्याल रखना भी जरूरी है।" वहीं, दूसरे ने लिखा, "अच्छा बॉस वही है, जो अपने कर्मचारी को इंसान की तरह ट्रीट करता है।" सोशल मीडिया पर इस तस्वीर को देखकर लोग भावुक हो गए। कई यूजर्स ने इस तस्वीर को प्रेरणादायक बताया और कहा कि हमें पशुओं के प्रति ऐसी ही संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें:

भाई तो यमराज का लड़का निकला! मधुमक्खियों के छत्ते में डाल दिया अपना हाथ, तितलियों की तरह उन्हें प्यार से उड़ाया

मिल गए Pokiee Uncle! बेगम की सैंडल पहने बैठकी में चले आए चचा जान, Video देख लोगों ने खूब उड़ाया मजाक