1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. गुंडों से तो बच जाओगे लेकिन ट्रैफिक पुलिस से कैसे बचोगे, बिना हेलमेट बाइक चला रहा था स्पाइडर-मैन, कटा चालान

गुंडों से तो बच जाओगे लेकिन ट्रैफिक पुलिस से कैसे बचोगे, बिना हेलमेट बाइक चला रहा था स्पाइडर-मैन, कटा चालान

सड़कों पर कानून सबके लिए बराबर है, चाहे वो आम आदमी हो या स्पाइडर-मैन! बुधवार को राउरकेला की सड़कों पर पुलिस को एक युवक स्पाइडर-मैन की ड्रेस में तेज रफ्तार से बिना हेलमेट बाइक दौड़ाता नजर आया, लेकिन उसका हीरो बनना उसे भारी पड़ गया। पुलिस और आरटीओ ने उस पर 15,000 रुपये का चालान काट दिया और बाइक भी जब्त कर ली।

स्पाइडर मैन का कटा चालान- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT स्पाइडर मैन का कटा चालान

सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि एक युवक स्पाइडर-मैन की कॉस्ट्यूम पहने बाइक पर सुपरहीरो बनने का सपना लिए तेज रफ्तार में फर्राटे भर रहा था। लेकिन, स्पाइडी भइया सुपरहीरो बनने की जल्दबाजी में हेलमेट पहनना ही भूल गए और पुलिस ने स्पाइडी को हवा में उड़ने से पहले ही धर लिया, साथ ही 15,000 रुपये का चालान भी ठोक दिया। इतना ही नहीं, पुलिस ने स्पाइडी भइया की बाइक भी जब्त कर ली।

ट्रैफिक पुलिस ने स्पाइडर मैन का काटा चालान

यह अनोखा नजारा ओड़िसा के राउरकेला की सड़कों पर बुधवार को देखने को मिला। यहां शहर के व्यस्त इलाके में ट्रैफिक पुलिस की नजर जब इस स्पाइडर-मैन पर पड़ी, तो सबकी आँखें फटी की फटी रह गईं। लाल-नीले सूट में ये "हीरो" बिना हेलमेट के बाइक भगा रहा था। ऊपर से बाइक का साइलेंसर मॉडिफाइड, जो ऐसा शोर मचा रहा था मानो कोई बॉलीवुड एक्शन सीन चल रहा हो। पुलिस ने तुरंत इस सुपरहीरो को साइड में लिया और पूछताछ शुरू की। लेकिन, स्पाइडी भाईसाहब जवाब देने में चूक गए। नतीजा? बाइक जब्त और हेलमेट न पहनने, तेज रफ्तार, और ध्वनि प्रदूषण के लिए 15 हजार का जुर्माना लगा दिया गया।

Image Source : Reporter Inputस्पाइडर मैन का कटा चालान

सबके लिए बराबर है कानून

इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। कोई इसे मजेदार स्क्रिप्ट बता रहा है, तो कोई कह रहा है, "भाई, सुपरहीरो बनना था तो पहले ट्रैफिक नियम तो पढ़ लेते।" लोग हँस-हँसकर लोटपोट हो रहे हैं, लेकिन पुलिस का कहना साफ है- कानून सबके लिए बराबर है। चाहे तुम स्पाइडर-मैन बनो या आयरन मैन, सड़क पर नियम तोड़ने की सजा तो भुगतनी ही पड़ेगी।

सुपरहीरो बनो, लेकिन हेलमेट पहनो

पुलिस बार-बार कहती है कि सड़क सुरक्षा कोई मजाक नहीं। स्पाइडर-मैन बनकर सड़क पर स्टंटबाजी करना कूल लग सकता है, लेकिन अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालना बिल्कुल बेवकूफी है। तो अगली बार अगर सुपरहीरो बनने का मन हो, तो पहले हेलमेट पहन लो, स्पीड लिमिट में रखो और साइलेंसर को ज्यादा "हीरोइक" न बनाओ। वरना, पुलिस का जाल इस स्पाइडर-मैन की तरह तुम्हें भी उलझा सकता है।

(ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

एक बाइक पर सवार पूरा परिवार, पीछे बैठीं दो बीवियां, उसके पीछे बंधी गाड़ी पर दिखी आधे दर्जन बच्चों की टोली

भाग-भाग, डी के बोस, डी के बोस, डी के बोस..., बीच रास्ते जंगल में गैंडे ने दौड़ाया तो शख्स ने बैक गियर में भगाई जीप