सोशल मीडिया के दौर में कुछ वीडियो ऐसे होते हैं, जो पलक झपकते ही लोगों का ध्यान खींच लेते हैं। ऐसा ही एक वीडियो हाल ही में वायरल हुआ, जिसमें एक बाइक पर तीन लोग सवार हैं, लेकिन असली हैरानी पीछे बैठी "आधा दर्जन बच्चों की टोली" को देखकर हुई। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स एक बाइक चला रहा है, जिसके पीछे दो महिलाएं बैठी हैं। उस बाइक के पीछे एक छोटी सी गाड़ी बंधी हुई है, जिस पर कम से कम आधे दर्जन बच्चे बैठे हुए हैं। यानी कि मान लीजिए कि एक बाइक पर 9 लोग सवार हैं। शख्स बड़े आराम से बाइक चलाए जा रहा है। वहीं पीछे बैठे बच्चों की गाड़ी भी बड़े आराम से चली जा रही है।
वीडियो देखकर हैरत में पड़े लोग
इस वीडियो को देख लोग हैरत में पड़ गए। साथ ही लोग बाइक चला रहे शख्स के इस देसी जुगाड़ की तारीफ भी कर रहे हैं, जिसमें उसने एक ही बाइक पर अपने पूरे परिवार को बैठा लिया और सफर पर निकल पड़ा। वहीं कुछ लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। एक यूजर ने लिखा, "ये तो इंजीनियरिंग का चमत्कार है, इतने लोग एक बाइक पर!" दूसरे ने लिखा, "मजाक-मजाक में ये खतरनाक भी हो सकता है।" तीसरे ने लिखा, "एक बाइक पर इतने सारे लोगों का सफर न सिर्फ यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह बच्चों की सुरक्षा के लिए भी खतरा हो सकता है।" इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @musphira166492 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है।
क्या कहते हैं नियम?
भारत में मोटर व्हीकल एक्ट के अनुसार, दोपहिया वाहन पर दो से अधिक लोग सवार नहीं हो सकते। इसके अलावा, बच्चों को सुरक्षित ढंग से ले जाने के लिए उचित सीट और हेलमेट का उपयोग अनिवार्य है। इस वीडियो में यातायात के नियमों का सरासर उल्लंघन होता दिख रहा है। यातायात पुलिस और प्रशासन को ऐसी घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई करने की जरूरत है ताकि भविष्य में हादसों को रोका जा सके।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें: