1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 'हम बनारस छोड़कर कही नहीं जाएंगे...' दादी के जवाब से हर बनारसी का दिल गार्डन-गार्डन हुआ, Video हो रहा वायरल

'हम बनारस छोड़कर कही नहीं जाएंगे...' दादी के जवाब से हर बनारसी का दिल गार्डन-गार्डन हुआ, Video हो रहा वायरल

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक दादी को बनारस के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए दिखाया गया है।

Varanasi, Banaras, Grandmother on banaras video, banaras viral video, Varanasi viral video - India TV Hindi
Image Source : IG/@SAMAKSHIKARMA दादी का जवाब हो हा वायरल।

बनारस की गलियों, घाटों और गंगा के किनारे बसे लोगों का अपने शहर से लगाव दुनिया में अलग है। जो लोग यहां जन्म लेते हैं या लंबे समय तक रहते हैं, वे अक्सर शहर छोड़ने के ख्याल से भी कतराते हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक छोटा सा वीडियो इसी भावना को दोहरा रहा है। बीएचयू (बनारस हिंदू विश्वविद्यालय) में पढ़ने वाली हिमाचल प्रदेश की छात्रा कीया ने पंचगंगा घाट पर एक दादी से बातचीत की। दादी के सीधे और दिल छू लेने वाले जवाब ने न सिर्फ कीया को स्तब्ध कर दिया, बल्कि हर बनारसी का दिल गार्डन-गार्डन कर दिया। 

इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @samakshikarma नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में कीया दादी से पूछती हैं, “आप कहां से हो?” दादी का जवाब साफ है- “हम यहीं से हैं।” फिर कीया पूछती हैं कि क्या आप कभी हिमाचल गए हैं? दादी कहती हैं, “नहीं।” जब कीया पूछती हैं कि क्या जाना चाहोगी, तो दादी बिना किसी हिचकिचाहट के जवाब देती हैं- “हम बनारस छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे।” इस जवाब के बाद कीया कुछ बोल नहीं पातीं। बस धूप और गर्मी की बात करते हुए वे दर्शकों को दादी से नमस्ते करवाती हैं और वीडियो खत्म हो जाता है। कीया ने खुद कैप्शन में लिखा कि, “दादी ने कभी हिमाचल नहीं देखा। मैं कभी ऐसे किसी व्यक्ति से नहीं मिली, जो अपने शहर से इतना प्यार करता हो।”

दादी ने हर बनारसी का दिल जीता 

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। लोग टिप्पणियों में लिख रहे हैं- “हम बनारस से निकल जाते हैं, लेकिन बनारस हमसे नहीं निकलता,” “बनारस नहीं छूटता यार कभी,” “भारत की सबसे सुंदर जगह काशी है,” और “जो काशी में आता है, वो उसी का होकर रह जाता है।” कई यूजर्स कह रहे हैं कि बनारस में कुछ तो बात है, क्योंकि जब आप वहां से लौटते हो, तब भी वो शहर आपके दिमाग में चलता रहता है।

क्यों प्रसिद्ध है बनारस

बनारस सिर्फ एक शहर नहीं, एक जीवनशैली, संस्कृति और आस्था का केंद्र है। गंगा की लहरें, घाटों की रौनक, गलियों की भीड़, मंदिरों की घंटियां और स्थानीय लोगों का सरल स्वभाव— ये सब मिलकर एक ऐसा माहौल बनाते हैं जिससे जुड़कर लोग बाहर जाने का मन नहीं करते। कीया जैसी बाहरी छात्राएं भी यहां आकर इस लगाव को महसूस करती हैं। वीडियो पंचगंगा घाट पर बना है, जहां रोजाना सैकड़ों लोग आते-जाते हैं। दादी का जवाब साधारण लग सकता है, लेकिन इसमें बनारस की आत्मा झलकती है। यह घटना याद दिलाती है कि शहर सिर्फ इमारतें और सड़कें नहीं होते। वे यादें, रिश्ते और भावनाएं होते हैं जो पीढ़ियों तक चलते हैं।  
गौरतलब है कि, इससे पहले बनारस के घाट पर गाना गाते लोगों का वीडियो वायरल हुआ था। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
 
ये भी पढ़ें - 

काशी, बनारस और वाराणसी में क्या अन्तर है, बताने में कन्फ्यूजन होता है तो आज दूर कर लें झिझक; ये रहा जवाब