पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव में करारी हार के बाद आज ममता बनर्जी ने पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मैं राजभवन जाकर इस्तीफा नहीं दूंगी और कोई मुझसे कोई जबरदस्ती इस्तीफा नहीं ले सकता। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुझे भवानीपुर में जानबूझकर हराया गया। बीजेपी ने चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर गड़बड़ी, साजिश कर जीत हासिल की है। मैंने जिंदगी में ऐसा चुनाव नहीं देखा। बीजेपी ने 100 सीटों की लूट की है, उसने हर तरह का हथकंड़ा अपनाकर हमें हराया है।
'इंडी गठबंधन सभी साथी मेरे साथ हैं'
ममता ने आगे कहा, ''सोनिया जी, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन ने मुझे फोन किया। INDIA गठबंधन के सभी साथियों ने मुझसे कहा कि वे पूरी तरह से मेरे साथ हैं। मुझे लगता है कि आने वाले दिनों में हमारी एकजुटता और मजबूत रहेगी। अखिलेश ने मुझसे अनुरोध किया कि क्या वह आज ही आ सकते हैं, लेकिन मैंने उनसे कहा कि कल आएं तो, वह कल आएंगे। एक-एक करके सब आएंगे। मेरा लक्ष्य बहुत साफ है।
'अब मैं एक आजाद पंछी हूं'
TMC अध्यक्ष ने कहा, ''मैं INDIA गठबंधन को मजबूत करूंगी, बिल्कुल एक आम आदमी की तरह। अब मेरे पास कोई कुर्सी नहीं है, इसलिए मैं एक आम आदमी हूं। इसलिए, आप मुझसे यह नहीं कह सकते कि मैं अपनी कुर्सी का इस्तेमाल कर रही हूं। मैं अब एक आजाद पंछी हूं। मैंने अपनी पूरी जिंदगी लोगों की सेवा में लगा दी, इन 15 सालों में मैंने पेंशन का एक पैसा भी नहीं निकाला। मैं तनख्वाह का एक पैसा भी नहीं ले रही हूं लेकिन अब मैं एक आजाद पंछी हूं।''
'यह BJP और चुनाव आयोग के बीच एक बेटिंग है'
TMC अध्यक्ष ने कहा, "दुख की बात है कि CEC इस चुनाव में लोगों के संवैधानिक अधिकारों को लूटने और EVM को लूटने के वाला खलनायक बन गया। क्या आप मुझे बता सकते हैं कि वोटिंग के बाद EVM में 80-90% चार्ज है? यह कैसे हो सकता है? चुनाव से दो दिन पहले, उन्होंने हमारे लोगों को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया। उन्होंने हर जगह छापेमारी करना शुरू कर दिया। उन्होंने सभी IPS और IAS अधिकारियों को बदल दिया। उन्होंने अपनी पार्टी से लोगों को चुना और भाजपा ने सीधे चुनाव आयोग के साथ मिलकर खेल खेला। यह भाजपा और चुनाव आयोग के बीच एक बेटिंग है। हमने पूरी मशीनरी के खिलाफ लड़ाई लड़ी। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री भी शामिल हैं और सीधा दखल दे रहे हैं। उन्होंने SIR में 90 लाख नाम हटा दिए। जब हम कोर्ट गए, तो 32 लाख नाम शामिल किए गए... उन्होंने गंदा और घटिया खेल खेला। मैंने अपनी जिंदगी में इस तरह का चुनाव कभी नहीं देखा।"
इससे पहले ममता बनर्जी ने मतगणना केंद्र के अंदर उनके साथ मारपीट और धक्का‑मुक्की के गंभीर आरोप लगाए थे।
यह भी पढ़ें-
पश्चिम बंगाल: चुनावों में BJP की जीत के बाद आसनसोल में खोला गया सालों से बंद दुर्गा मंदिर, सामने आया VIDEO
बंगाल की जनता ने ममता सरकार को पूरी तरह नकारा, 22 मंत्री नहीं बचा सके अपनी सीट; CM भी हारीं