पश्चिम बंगाल के चुनाव में एक पुलिस ऑब्जर्वर ऑफिसर के वीडियो पर सियासी घमासान शुरू हो गया है। TMC के नेता आरोप लगा रहे हैं कि तृणमूल कांग्रेस के सपोर्टर्स को डराने के लिए चुनाव आयोग ने बीजेपी के इशारे पर दूसरे राज्यों के पुलिस अफसरों को बंगाल में भेजा है। यूपी कैडर के IPS अजय पाल शर्मा को चुनाव आयोग ने साउथ 24 परगना में पुलिस ऑब्जर्वर बनाया है। तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि अजय पाल शर्मा पार्टी के उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को खुलेआम धमकी दे रहे हैं।
अजय पाल शर्मा का TMC के गुंडो को चैलेंज
टीएमसी के नेता, अजय पाल शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। ये वीडियो साउथ 24 परगना का है जिसमें चेकिंग के दौरान, अजयपाल शर्मा फाल्टा सीट से TMC कैंडीडेट जहांगीर खान को चेतावनी देते दिखाई दे रहे हैं। वह कह रहे हैं कि अभी न समझे, तो बाद में पछताना पड़ेगा। वीडियो में अजयपाल शर्मा कह रहे हैं, ''आसपास के जितने भी लोग हैं...अच्छी तरह से समझ लें कि अगर किसी ने बदमाशी की...उनका कायदे से इलाज किया जाएगा। अगर कहीं से कोई खबर आ गई कि किसी ने कोई खुराफात करने की..किसी को परेशान करने की कोशिश की है...तो फिर उसकी खबर अच्छे से लेंगे हम। ये जहांगीर के घरवाले भी खड़े हैं...उसको बता देना कायदे से। ये बार बार जो खबरें आ रही हैं कि उसके लोग धमका रहे हैं तो फिर अच्छे से खबर लेंगे फिर बाद में रोना पछताना मत।''
बता दें कि ये वीडियो साउथ 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर का है, जिसे ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का गढ़ माना जाता है। अजय पाल शर्मा इनके इलाके में टीएमसी के उम्मीदवार जहांगीर खान के खिलाफ शिकायत मिलने पर पहुंचे थे।
कौन हैं IPS अजय पाल शर्मा?
अजय पाल शर्मा यूपी के सुपर कॉप एनकाउंटर स्पेशलिस्ट हैं इनके बारे में कहा जाता है कि ये जहां तैनात हो जाते हैं वहां अपराधी अपनी जमानत कैंसिल करने खुद जेल पहुंच जाते हैं।
- अजय पाल शर्मा की गिनती यूपी पुलिस के तेज तर्रार आईपीएस अधिकारियों में होती है।
- अलग-अलग जिलों में अपनी तैनाती के दौरान अजय पाल शर्मा दर्जनों एनकाउंटर कर चुके हैं और खूंखार अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया है।
- फिटनेस और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस के चलते उन्हें यूपी पुलिस का 'सिंघम' भी कहा जाता है।
- मूलरूप से पंजाब के लुधियाना के रहने अजय पाल शर्मा 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और फिलहाल प्रयागराज में जॉइंट सीपी के पद पर तैनात हैं।
- शामली, नोएडा, जौनपुर और रामपुर में तैनाती के दौरान उनके एनकाउंटर और अपराधियों पर एक्शन की खूब चर्चा हुई है।
महुआ मोइत्रा ने क्या धमकी दी?
अजय पाल शर्मा के एक्शन में आते ही ममता बनर्जी की पार्टी तिलमिला उठी। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने तो सरेआम इलाज करने की धमकी वाला पोस्ट किया है। महुआ ने अजयपाल का वीडियो टैग करते हुए लिखा है, ''मेरा फेयर एंड लवली बबुआ डॉ.आईपीएस अजयपाल। हम तो वो लोग हैं जो कायदे से आपके छोटा फैंटा और बड़ा फैंटा का भी इलाज कर लेते हैं!! हीरोगिरी थोड़ा संभल के कीजिए।''
पुलिस अफसर पर क्यों भड़के अखिलेश?
वहीं, अब अखिलेश यादव ने भी कहा है कि जब उनकी यूपी में सरकार आएगी तो वो इस अफसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। अखिलेश ने अजय पाल का वीडियो टैग करते हुए लिखा, ''प. बंगाल में भाजपा ने ऑब्जर्वर के नाम पर रामपुर और संभल में टेस्ट किये हुए अपने एजेंट भेजे हैं लेकिन इनसे कुछ होने वाला नहीं। दीदी हैं, दीदी रहेंगी! सही समय आने पर भाजपा और उनके संगी-साथियों के इन जैसे 'एजेंडों के एजेंटों' की सारी आपराधिक करतूतों की गहरी जाँच होगी और बेहद सख़्त दंडात्मक कार्रवाई भी। ये सब अधिकारी के रूप में अनरजिस्टर्ड लोगों के अनरजिस्टर्ड अंडरग्राउंड सदस्य हैं। हम न इन्हें भागने देंगे, न भूमिगत होने देंगे। ये खोज के लाए जाएंगे, खोद के लाए जाएंगे और अपने कुकृत्यों के लिए क़ानूनी सज़ा भी पाएंगे। लोकतंत्र के अपराधी बख़्शे नहीं जाएंगे!''
यह भी पढ़ें-
'TMC की हार निश्चित...', कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बंगाल चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा
चुनाव के बाद बंगाल में कितने दिन तक मौजूद रहेंगे सुरक्षाबल? गृह मंत्री अमित शाह ने कर दिया खुलासा