बंगाल में सेकेंड फेज की वोटिंग के लिए सोमवार को चुनाव प्रचार थम गया है। आखिरी दिन TMC से लेकर बीजेपी ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। बीजेपी की तरफ से मैदान में खुद प्रधानमंत्री मोदी हैं। अमित शाह रोड शो कर रहे हैं, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ कैंपेन कर रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह हर रैली में TMC की गुंडागर्दी को मुद्दा बनाया है। शाह ने कहा कि गुंडे ममता बनर्जी का अब भरोसा नहीं करते क्योंकि दीदी जा रही हैं। इसी क्रम में गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने ये बता दिया है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद सुरक्षाबल के जवान कब तक तैनात रहेंगे।
कब तक तैनात रहेंगे सुरक्षाबल?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को बेहाला में रोड शो के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने जनता को बड़ा संदेश दिया। अमित शाह ने कहा- "भाइयों और बहनों, 29 तारीख को जाकर वोट दीजिए। दीदी (ममता बनर्जी) के गुंडों की चिंता मत करो। चुनाव आयोग ने हर जगह सीएपीएफ तैनात कर दी है। आज मैं यह बात साफ-साफ कह रहा हूं- चुनाव के बाद भाजपा की सरकार बनेगी। फिर भी, सीएपीएफ अगले 60 दिनों तक यहीं रहेगी।" अमित शाह ने ये भी कहा कि बंगाल के आखिरी चरण का मतदान नया इतिहास बनाएगा, हर एक वोट परिवर्तन की मजबूत नींव रखेगा और बंगाल में कमल खिलेगा।
29 अप्रैल को होगी वोटिंग
आपको बता दें कि निर्वाचन आयोग द्वारा पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों के मतदान दो चरण में शेड्यूल किए गए हैं। पहले चरण में 152 सीटों और दूसरे चरण में 142 सीटों पर चुनाव हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था। इस फेज में रिकॉर्ड 92 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हुई थी। वहीं, दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 29 अप्रैल को होने वाला है। बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का परिणाम 4 मई को सामने आएगा।
ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में थम गया चुनाव प्रचार का शोर, BJP-TMC ने झोंक दी पूरी ताकत; 29 अप्रैल को मतदान