पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए सोमवार को प्रचार का आखिरी दिन था। प्रचार के अंतिम दिन दिग्गजों ने पूरी ताकत झोंक दी। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राजारहाट गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। सीएम योगी ने इस दौरान TMC सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी जय श्रीराम कहने वालों से नफरत करती हैं जबकि इफ्तारी पार्टी का स्वागत करती हैं। योगी आदित्यनाथ ने ये भी कहा कि TMC ने बंगाल को क्राइम कैपिटल बना दिया है।
क्या बोले सीएम योगी?
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजारहाट गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल अब तुष्टीकरण की राजनीति से मुक्त होकर 'सबका साथ-सबका विकास' के पथ पर चलने को तैयार है। सीएम योगी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के दिल में काबा नहीं, मां काली हैं- इसका अहसास कराने का समय आ गया है। उन्होंने आगे कहा कि सुशासन और विकास की पर्याय भाजपा को अपना आशीर्वाद देने के लिए राजारहाट गोपालपुर विधान सभा क्षेत्र की जागरूक जनता का हृदय से आभार।
बंगाल में किसान, नौजवान बेहाल- सीएम योगी
सीएम योगी ने राजारहाट गोपालपुर विधान सभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में कहा कि हम लोगों का यहां पर रोड शो का कार्यक्रम होना था। लेकिन टीएमसी की सरकार ने इसकी परमिशन नहीं दी। इस कारण हमने इसे एक सभा के रूप में शुरू किया। बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद यहां जोरदार रोड शो किया जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि बंगाल में आज उद्योग धंधे बंद हो रहे हैं, किसान, नौजवान बेहाल हैं। बंगाल आज लव जिहाद और लैंड जिहाद की धरती हो गई है। इसलिए इस गुंडाराज और कुशासन व अराजकता से मुक्ति के लिए चुनाव सबसे अच्छा माध्यम हैं। सीएम योगी ने कहा कि 23 अप्रैल को पहले चरण में हुए मतदान में जो रुझान देखने को मिला है, उसे देखकर मैं कह सकता हूं कि बंगाल का हर नौजवान, बहन और बेटी राज्य में डबल इंजन सरकार के लिए उठ खड़ा हुआ है।
TMC को पश्चिम बंगाल से उखाड़ फेंकना है- सीएम योगी
सीएम योगी ने सोमवार को दम दम विधान सभा क्षेत्र में भी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकास को बाधित करने वाली TMC से बंगाल की मुक्ति का ये सर्वथा उचित समय है। यहां के देवतुल्य मतदाताओं ने तय कर लिया है कि करप्शन की पर्याय TMC को पश्चिम बंगाल से उखाड़ फेंकना है और पहले चरण के मतदान ने साबित भी कर दिया है। इस ऊर्जा एवं स्नेह के लिए आभार दम दम विधान सभा क्षेत्र वासियो। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अराजकता से त्रस्त बंगाल अब बदलाव का बिगुल फूंक चुका है। जनता TMC के कुशासन को उखाड़ फेंकेगी।
ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में थम गया चुनाव प्रचार का शोर, BJP-TMC ने झोंक दी पूरी ताकत; 29 अप्रैल को मतदान
PM मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता के नाम लिखा पत्र, बोले- "अब भरोसा चाहिए, अब भाजपा चाहिए"