1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. मिड-डे मील विवाद में बड़ा एक्शन; स्कूल के हेडमास्टर का ट्रांसफर, छात्रों को पीटने का भी आरोप

मिड-डे मील विवाद में बड़ा एक्शन; स्कूल के हेडमास्टर का ट्रांसफर, छात्रों को पीटने का भी आरोप

मिड-डे मील को लेकर हुए विवाद के बाद जलपाईगुड़ी जिले में 150 साल पुराने सरकारी स्कूल के हेडमास्टर का ट्रांसफर कर दिया गया है। कुछ छात्रों ने शिकायत की थी कि उन्हें पर्याप्त मात्रा में चावल और चिकन नहीं दिया गया।

मिड-डे मील विवाद के बाद स्कूल के हेडमास्टर का तबादला- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV REPRESENTATIONAL मिड-डे मील विवाद के बाद स्कूल के हेडमास्टर का तबादला

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्कूल मिड-डे मील विवाद मामले में राज्य सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। करीब 150 साल पुराने ऐतिहासिक जलपाईगुड़ी जिला स्कूल के हेडमास्टर धर्मचंद बारुई को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित (ट्रांसफर) कर दिया गया है। यह कार्रवाई कि स्पेशल मिड-डे मील को लेकर हुए विवाद के दौरान कथित तौर पर छात्रों के साथ हुई मारपीट के मामले में जांच के बाद की गई है। शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है।

शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने बताया कि जलपाईगुड़ी जिला स्कूल के हेडमास्टर धर्मचंद बरुई का तबादला तुरंत प्रभाव से जिले के ही मालबाजार स्कूल में कर दिया गया। यह एक्शन जिला स्कूल इंस्पेक्टर और विभाग द्वारा घटना की जांच के बाद लिया गया है।

मिड-डे मील में खाने की कमी से शुरू हुआ विवाद

मामला 8 सितंबर का है, जब टीचर्स डे के मौके पर छात्रों के लिए स्पेशल मिड-डे मील का आयोजन किया गया था। इस दौरान कुछ छात्रों ने शिकायत की कि उन्हें  पर्याप्त मात्रा में चावल और चिकन नहीं दिया गया। इसी बात को लेकर छात्रों और स्कूल प्रशासन के बीच कहासुनी हो गई।

हेडमास्टर पर कुछ छात्रों की पिटाई करने का आरोप 

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हेडमास्टर धर्मचंद बारुई ने कुछ छात्रों की पिटाई कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के बाद आक्रोशित छात्रों ने हेडमास्टर का पीछा किया, उन्हें जमीन पर गिरा दिया और उनके साथ मारपीट की। शुरुआती जांच के बाद जिला स्कूल शिक्षा विभाग ने इस झड़प के लिए दोनों पक्षों को जिम्मेदार ठहराया है।

शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने कहा, 'विभाग ने बारुई को 9 सितंबर से 15 दिनों की छुट्टी पर जाने के लिए कहा था, जबकि शिक्षक के साथ मारपीट करने वाले 10वीं कक्षा के 4 छात्रों को 11 सितंबर को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) दे दिया गया था।' इन चारों छात्रों को जलपाईगुड़ी जिला स्कूल में आगे की पढ़ाई करने से रोक दिया गया है और किसी अन्य स्कूल में प्रवेश लेने की अनुमति दी गई है। शिक्षा मंत्री  ने 11 सितंबर को जलपाईगुड़ी शहर के 150 साल पुराने सरकारी स्कूल का दौरा किया था और विभाग के अधिकारियों व स्कूल के कर्मचारियों के साथ बैठक की थी।

(पीटीआई इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें-

बेटी की बरसी के दिन फंदे से लटका मिला मां का शव, 14 साल से प्रताड़ना का आरोप, पति फरार