A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. कोलंबिया में बस को निशाना बनाकर किया धमाका, 13 की मौत; 38 लोग घायल

कोलंबिया में बस को निशाना बनाकर किया धमाका, 13 की मौत; 38 लोग घायल

कोलंबिया में एक गुट ने बस को निशाना बनाकर हमला कर दिया। इस हमले में बस में सवार 13 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 38 लोग घायल हैं। मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं।

बस में सवार 13 लोगों की मौत।- India TV Hindi
Image Source : X/RT_COM बस में सवार 13 लोगों की मौत।

बोगोटा: दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप के देश कोलंबिया में शनिवार को एक बस में अचानक विस्फोट हो गया। यहां दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया में बस में सफर कर रहे लोगों को निशाना बनाकर विस्फोट किया गया। इस हमले में 13 लोगों की मौत हो गई। वहीं अब तक की जानकारी के मुताबिक 38 लोग घायल हो गए हैं, घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कोलंबिया के सेना प्रमुख ने इसे ''आतंकी हमला'' बताया है। बता दें कि इस क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी हिंसा लगातार बढ़ रही है।

हमले में पांच बच्चे भी घायल

वहीं घटना को लेकर काउका क्षेत्र के गवर्नर ऑक्टावियो गुजमान ने बताया कि यह विस्फोट काजिबियो नगर पालिका में पैनअमेरिकन हाईवे पर बस के गुजरने के दौरान किया गया। काउका की स्वास्थ्य सचिव कैरोलिना कामार्गो ने बताया कि घायलों में पांच बच्चे भी शामिल हैं। कोलंबिया सशस्त्र बलों के कमांडर जनरल ह्यूगो लोपेज ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह ''आतंकी कृत्य'' है और इसके लिए ''इवान मोर्दिस्को'' नामक कुख्यात अपराधी के गिरोह तथा जैमी मार्टिनेज गुट को जिम्मेदार ठहराया। 

दो गुटों के बीच संघर्ष

दरअसल, दोनों गुट अब भंग हो चुके कोलंबिया के रिवॉल्यूशनरी आर्म्ड फोर्सेज के असंतुष्ट धड़े हैं, जो अब भी इस क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन गुटों ने 2016 में सरकार के साथ हुए शांति समझौते को नहीं माना था। कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि कई आदिवासी लोगों समेत निर्दोष नागरिकों को मारने वाले लोग आतंकवादी, फासीवादी और मादक पदार्थ के तस्कर हैं। यह हाल के दिनों में सार्वजनिक ढांचे को निशाना बनाकर किए गए कई विस्फोटों की कड़ी में ताजा हमला है। बता दें कि पिछले दो दिनों में दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया में कम से कम 26 हिंसक घटनाएं हुई हैं।

यह भी पढ़ें-

ह्वाइट हाउस की डिनर पार्टी गोलीबारी में बाल-बाल बचने के बाद बोले ट्रंप, कहा-'राष्ट्रपति होना खतरनाक पेशा'

Latest World News