वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में पत्रकारों के डिनर (White House Correspondents' Dinner) कार्यक्रम के दौरान फायरिंग हुई है। स्थानीय समयानुसार ये फायरिंग शनिवार रात 8:30 बजे के आसपास हुई है। इस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वांस और उनकी कैबिनेट के लोग भी शामिल थे। होटल में हुई फायरिंग में डोनाल्ड ट्रंप बाल-बाल बच गए हैं, उन्हें मौका रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
फायरिंग की घटना का आंखों देखा हाल
फायरिंग के दौरान होटल के अंदर क्या-क्या हुआ है। एएनआई की पत्रकार रीना भारद्वाज ने आंखों देखा हाल बताया है। वह इस पत्रकारों की डिनर पार्टी में शामिल थीं। हमले के बाद रीना भारद्वाज ने घटना स्थल से वीडियो बनाया है। इस वीडियो में उन्होंने हमले का आंखों देखा जिक्र किया है।
जैसे बर्तनों की खड़कने की आवाज
उन्होंने कहा, 'अभी कुछ ही मिनट पहले, वॉशिंगटन के हिल्टन होटल के बॉलरूम में अफरा-तफरी मच गई। मैंने अपनी आंखों से जो देखा, वह सबसे पहले एक जोरदार आवाज थी। मुझे लगा कि शायद यह बर्तनों के खड़कने की आवाज थी। लेकिन कुछ ही सेकंड में मैंने देखा कि खाना परोसने वाले अपनी ट्रे लेकर भागते हुए आ रहे थे और खुद को सुरक्षित रखने के लिए कोई सुरक्षित जगह ढूंढने की कोशिश कर रहे थे।'
मेज के नीचे छिपे लोग
उन्होंने आगे कहा, 'तभी मुझे लगा कि कुछ तो गड़बड़ है। पूरी की पूरी मेज के नीचे सबने पनाह ले ली। जब मुझे लगा कि अब उठना सुरक्षित है, तो मैंने देखा कि स्टेज पर सुरक्षाकर्मी लंबी बंदूकों के साथ मौजूद थे।'
एक-एक कर कैबिनेट के लोगों को निकाला गया बाहर
भारतीय पत्रकार ने कहा, 'राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बाहर निकाल लिया गया था। एक-एक करके उनके कैबिनेट के सभी सदस्यों को, जिनमें स्कॉट बेसेंट, काश पटेल, पीट हेगसेथ, विटकॉफ शामिल थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कार्यक्रम जल्द ही फिर से शुरू होने वाला है, ऐसी घोषणा की गई है, लेकिन एसोसिएशन की तरफ से हमें अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।'
ये भी पढ़ें:
ईरान से तनाव के बीच बाल-बाल बचे ट्रंप, वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में डिनर के दौरान फायरिंग