अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उस समय बाल-बाल बच गए जब वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में डिनर के दौरान फायरिंग हुई। सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने डोनाल्ड ट्रंप को सुरक्षा के घेरे में ले लिया और उन्हें वहां से सुरक्षित बाहर निकाला। इस हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बताया जाता है कि फायरिंग करने वाले हमलावर को सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया है। वाइस प्रेसिडेंट जेडी वेंस और ट्रंप के कैबिनेट के सदस्य भी वहां मौजूद थे, उन्हें भी तुरंत बाहर निकाला गया।
डिनर के दौरान फायरिंग
बताया जाता है व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई जब एक बंदूकधारी ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई में हमलावर को काबू में कर लिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी और अन्य नेताओं और अधिकारियों के साथ डिनर में मौजूद थे। बताया जाता है कि अमेरिकी समय के मुताबिक रात 8.30 बजे के करीब फायरिंग की यह घटना हुई।
पहली बार इस डिनर में शामिल हुए थे ट्रंप
बतौर राष्ट्रपति पहली बार इस डिनर में शामिल हुए थे। इसी दौरान एक शख्स फायरिंग करता हुआ अंदर घुसने की कोशिश करता है। इसी दौरान वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने जवाबी फायरिंग की। इस डिनर में करीब 2,600 लोग शामिल हुए थे। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग अपनी टेबल के नीचे छिप गए।
सोशल मीडिया ट्रूथ पर ट्रंप ने क्या लिखा?
वहीं इस संबंध में राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा-' डी.सी. में एक शानदार शाम रही। सीक्रेट सर्विस और लॉ एनफोर्समेंट ने बहुत अच्छा काम किया। उन्होंने तेज़ी से और बहादुरी से काम किया। शूटर को पकड़ लिया गया है, और मैंने सलाह दी है कि हम “शो को जारी रखें” लेकिन, पूरी तरह से लॉ एनफोर्समेंट ही इस पर गाइड करेंगे। वे जल्द ही कोई फ़ैसला लेंगे। उस फ़ैसले के बावजूद, शाम प्लान किए गए से बहुत अलग होगी, और हमें इसे फिर से करना होगा।'

फायरिंग की इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें साफ देखा जा सकता है कि फायरिंग के वक्त ट्रंप मंच पर बैठे हैं और वह चौंक जाते हैं। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी उन्हें चारों तरफ से घेर लेते हैं। वहां मौजूद कई लोग टेबल के नीचे छिप जाते हैं।