1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. सऊदी की राजधानी रियाद में कई धमाके, हूती मिसाइलों को मार गिराने का दावा; होर्मुज में तेल टैंकर में लगी आग

सऊदी की राजधानी रियाद में कई धमाके, हूती मिसाइलों को मार गिराने का दावा; होर्मुज में तेल टैंकर में लगी आग

 Written By: Malaika Imam
 Published : Oct 27, 2026 11:49 pm IST,  Updated : Oct 27, 2026 11:55 pm IST

सऊदी अरब की राजधानी रियाद में मंगलवार को कम से कम चार धमाकों की आवाज सुनी गई। वहीं, हूतियों ने सऊदी रक्षा मंत्रालय और तेल रिफाइनरी को निशाना बनाने का दावा किया।

Saudi arabia- India TV Hindi
3 अक्टूबर को सऊदी अरब के दक्षिणी रियाद में एक औद्योगिक क्षेत्र स्थित तेल सुविधा केंद्र में लगी आग से काला धुआं उठ रहा है, जबकि पास की सड़क से वाहन गुजर रहे हैं। Image Source : AP

सऊदी अरब की राजधानी रियाद में मंगलवार को कम से कम चार धमाकों की आवाज सुनी गई। इससे पहले सऊदी अधिकारियों ने राजधानी और देश के कुछ अन्य इलाकों में हमले की चेतावनी जारी की थी। अधिकारियों के मुताबिक, ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से दागी गईं दो बैलिस्टिक मिसाइलों को सऊदी हवाई सुरक्षा प्रणाली ने रोककर नष्ट कर दिया। हालांकि, शुरुआती तौर पर यह साफ नहीं था कि धमाके मिसाइलों और ड्रोन के गिरने से हुए या उन्हें हवा में नष्ट करने के दौरान।

मिसाइलों का मलबा गिरने से इमारत, निर्माण स्थल और वाहन को नुकसान

सऊदी नागरिक सुरक्षा अधिकारियों ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर बताया कि रोकी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों के टुकड़े रियाद में गिरे। इससे एक इमारत, निर्माण स्थल और वाहन को नुकसान पहुंचा। अधिकारियों ने राजधानी के अलावा अबहा, नजरान और खमीस मुशैत गवर्नरेट समेत कई इलाकों के लिए हमले की चेतावनी जारी की थी। बाद में ये अलर्ट हटा लिए गए। शुरुआती जानकारी में किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं की गई थी।

हूतियों ने सऊदी रक्षा मंत्रालय और तेल रिफाइनरी पर हमले का दावा किया

हूती सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने मंगलवार को एक्स पर दावा किया कि विद्रोहियों की बैलिस्टिक मिसाइल ने रियाद में सऊदी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय को सीधे निशाना बनाया। हूतियों ने देश के पूर्वी इलाके में स्थित रास तनूरा तेल रिफाइनरी पर भी मिसाइल से हमला करने का दावा किया। हालांकि, समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी। सऊदी अधिकारियों ने रिफाइनरी पर हमले के दावे पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।

सऊदी अरब के पूर्वी इलाके की ओर दागी गईं तीन मिसाइलें

सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार को यमन से देश के पूर्वी क्षेत्र की ओर दागी गईं तीन और बैलिस्टिक मिसाइलों को भी हवाई सुरक्षा प्रणाली ने रोककर नष्ट कर दिया। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल तुर्की अल-मालिकी ने एक्स पर बताया कि गठबंधन की सेना ने सऊदी अरब के दक्षिणी हिस्से को निशाना बनाने वाले चार हूती ड्रोन भी रोक लिए। उन्होंने पूर्वी क्षेत्र की ओर दागी गईं तीन बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने की जानकारी भी दी। हालांकि, उन्होंने इन दावों के समर्थन में विस्तृत जानकारी या सबूत नहीं दिए और AP इनकी पुष्टि नहीं कर सकी।

ताइज में गैस स्टेशन पर हमले में दो लोगों की मौत का आरोप

यमन के हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले स्वास्थ्य मंत्रालय ने आरोप लगाया कि सऊदी समर्थित सरकारी बलों ने सोमवार देर रात ताइज शहर के पास एक गैस स्टेशन पर हमला किया। मंत्रालय के मुताबिक, इस हमले में दो लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हो गए। मंत्रालय के प्रवक्ता अनीस अल-असबाही ने सरकारी बलों पर गैस स्टेशन को निशाना बनाने का आरोप लगाया। दूसरी ओर, यमन की सेना ने एक्स पर कहा था कि उसने हूती ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए हैं।

ताइज शहर में तेज हो रही है लड़ाई

हूती नियंत्रण वाले अल-मसीरा टीवी ने कुछ फुटेज प्रसारित किए, जिनमें दो शव बैग और अस्पताल में इलाज कराते घायल लोग दिखाई दिए। चैनल ने यह भी दावा किया कि सरकारी बलों ने मंगलवार को हूती नियंत्रण वाले बंदरगाह शहर मोखा और बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य के पास धुबाब जिले पर हवाई हमले किए। AP इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी। मोखा में मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने फोन पर बताया कि उसने सुबह करीब चार बजे दो धमाकों की आवाज सुनी। इनमें से एक बंदरगाह के पास हुआ था। हूतियों से बदले की कार्रवाई का डर होने के कारण उसने अपनी पहचान जाहिर नहीं की।

ताइज यमन का तीसरा सबसे बड़ा शहर और ताइज प्रांत की राजधानी है। हूती विद्रोहियों ने कई हफ्तों से शहर को काफी हद तक घेर रखा है और सरकार के नियंत्रण वाले इलाकों से आने वाले अधिकतर आपूर्ति मार्ग बंद कर दिए हैं। हालांकि, सरकारी बल भी जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं और दोनों पक्षों के बीच लड़ाई तेज हो रही है।

होर्मुज में बारूदी सुरंग से टकराया तेल टैंकर, आग लगी

ईरान की सेना ने मंगलवार को बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में एक तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों से टकरा गया और उसमें आग लग गई। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, टैंकर की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। सेना ने आरोप लगाया कि जहाज ने अपना ट्रैकिंग सिस्टम बंद कर दिया था और प्रतिबंधित क्षेत्र से गुजरने की कोशिश कर रहा था। घटना में टैंकर को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।

ईरान ने कहा- बिना अनुमति होर्मुज से गुजरना सुरक्षित नहीं

ईरान की नौसेना ने चेतावनी दी कि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद और असुरक्षित है। उसने कहा कि बिना अनुमति वहां से गुजरने की कोशिश करने वाले जहाजों को जोखिम हो सकता है। सुरक्षित रास्ते के लिए जहाजों को ईरानी सशस्त्र बलों के साथ तालमेल करना होगा। इस बीच, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने मॉस्को में गैस निर्यातक देशों के मंच के शिखर सम्मेलन में कहा कि फारस की खाड़ी में अमेरिका का सैन्य हस्तक्षेप ऊर्जा की कीमतों में अचानक उछाल ला रहा है और वैश्विक आर्थिक विकास के लिए खतरा पैदा कर रहा है।

सऊदी अरब के समर्थन पर मिस्र को हूतियों की चेतावनी

हूती विद्रोहियों के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि सऊदी अरब के समर्थन में मिस्र की संसद का फैसला मिस्र को यमन के खिलाफ संघर्ष में खींच सकता है। हूती राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य मोहम्मद अल-बुखैती ने AP को दिए वीडियो इंटरव्यू में कहा कि हूती इस समर्थन को शत्रुतापूर्ण कदम मानेंगे। उनका आरोप था कि यमन में सऊदी अरब ही आक्रामक कार्रवाई कर रहा है। मिस्र अरब दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश है। हूतियों की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब क्षेत्र में सैन्य तनाव और संघर्ष बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं।

ये भी पढ़ें-

क्या पुतिन को सीधे टारगेट करने का प्लान बन चुका है? वाल्दाई पैलेस में एयर डिफेंस टावर्स की तादाद 50 की गई

नाइजीरिया में कत्लेआम, 62 लोगों की गोली मारकर हत्या, हजारों लोग घर छोड़कर भागे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।