वाशिंगटनः व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर पार्टी के दौरान अज्ञात हमलावर की गोलीबारी में बाल-बल बचे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमले के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप ने कहा है कि राष्ट्रपति होना खतरनाक पेशा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के हिंसक प्रयास उनकी “नौकरी का हिस्सा” है। ट्रंप ने कहा कि हमलावर की पहचान और मंशा के बारे में और जानकारी जल्द आएगी, लेकिन दुनिया हिंसक जगह है। उन्होंने कहा, “जब आप प्रभावशाली होते हैं, तो लोग आपके पीछे पड़ जाते हैं।”
ट्रंप ने की सीक्रेट सर्विस की सराहना
राष्ट्रपति ट्रंप ने हमले के दौरान स्थिति को बहादुरी पूर्वक संभालने वाले सीक्रेट सर्विस की सराहना की और संकेत दिया कि हमलावर उस बॉलरूम तक पहुंचने से बहुत दूर था, जहां ट्रंप मंच पर बैठे थे। ज्यादातर रिपोर्टर डिनर के लिए टक्सीडो और सुंदर पोशाक में थे, तो ट्रंप ने टिप्पणी की: “मैं इतने सारे टक्सीडो और खूबसूरत ड्रेसेज़ देख रहा हूं। हमले के बाद ट्रंप ने कहा कि कार्यक्रम को बाद में पुनर्निर्धारित किया जाएगा और वह होगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम “बेहतर” होगा और “हम इसे और सुरक्षित बनाएंगे”।
संदिग्ध की मंशा अभी तक साफ नहीं
अमेरिका की सुरक्षा एजेंसियों ने हमलावर को कब्जे में ले लिया है, लेकिन अभी तक उसकी मंशा साफ नहीं हो पाई है। अमेरिका के अटॉर्नी जीनाइन पिरो ने कहा कि संदिग्ध पर फिलहाल दो आरोप लगाए गए हैं। पहला आग्नेयास्त्र का उपयोग और दूसरा खतरनाक हथियार से अधिकारी पर हमला करना। हालांकि इसके बाद कई और आरोप भी लगाए जाएंगे। पिरो ने कहा कि संदिग्ध को सोमवार को संघीय जिला अदालत में पेश किया जाएगा। वाशिंगटन डीसी की अंतरिम पुलिस प्रमुख ने कहा कि संदिग्ध के पास शॉटगन, हैंडगन और कई चाकू समेत कई हथियार थे। उन्होंने कहा कि जांचकर्ताओं को इस समय कोई कारण नहीं दिखता कि इसमें कोई और व्यक्ति शामिल हो।
कौन था हमलावर?
गोलीबारी करने वाले संदिग्ध की पहचान कोल टॉमस एलन (31 वर्ष) के रूप में की गई है, जो कैलिफोर्निया के टोरेंस का रहने वाला था। ट्रंप ने बताया कि जब गोली चलने की आवाज़ आई तो उनके दिमाग में सबसे पहले क्या आया। उन्होंने शुरुआत में सोचा कि कोई ट्रे गिर गई होगी, क्योंकि आवाज़ “काफी दूर से” आ रही थी। लेकिन उन्होंने कहा कि फर्स्ट लेडी तुरंत समझ गईं कि यह गोलीबारी है। ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि उन्होंने तुरंत समझ लिया था।” उन्होंने याद किया कि उनकी पत्नी ने कहा, “यह बुरी आवाज़ है।” राष्ट्रपति ने कहा कि हमलावर की मंशा स्पष्ट नहीं है, लेकिन “जब वह गिरा हुआ था तो वह काफी शैतानी लग रहा था।”
एफबीआई कर रही जांच
एफबीआई निदेशक काश पटेल ने कहा कि एजेंसी घटनास्थल से बरामद लॉन्ग गन और कारतूसों की जांच कर रही है, साथ ही डिनर में मौजूद गवाहों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने किसी भी जानकारी रखने वाले से आगे आने की अपील की। प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में ट्रंप ने कड़ी सुरक्षा उपायों की मांग की और कहा कि “आज हमें ऐसी सुरक्षा स्तर की ज़रूरत है, जिसे शायद पहले कभी किसी ने नहीं देखा हो”। उन्होंने शनिवार की घटना को वजह बताते हुए कहा कि व्हाइट हाउस में बन रहे उनके बॉलरूम की ज़रूरत है। ब्रीफिंग के दौरान ट्रंप ने कहा कि संदिग्ध के पास कई हथियार थे, जिसे सीक्रेट सर्विस ने रोक लिया। एक अधिकारी को गोली लगी, लेकिन वह बुलेटप्रूफ वेस्ट से सुरक्षित रहा।
1981 में रीगन गोलीबारी का स्थान भी यही था
1981 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन को भी इसी स्थान पर गोली मारी गई थी। रीगन को जॉन हिन्कले जूनियर ने इसी हिल्टन होटल के बाहर गोली मारी थी। इस घटना के बाद होटल की सुरक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए थे और मुख्य द्वार के पास एक विशेष प्रेसिडेंशियल सुइट बनाई गई थी, जहां राष्ट्रपति को सुरक्षित लिया जा सके। शनिवार रात की घटना के बाद ट्रंप को थोड़ी देर के लिए वहां भेजा गया था।