1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. पाकिस्तान में HIV का भयानक प्रकोप! कराची के अस्पताल में 6 बच्चों की जान गई, 94 संक्रमित

पाकिस्तान में HIV का भयानक प्रकोप! कराची के अस्पताल में 6 बच्चों की जान गई, 94 संक्रमित

कराची में एक अस्पताल HIV का केंद्र बन गया है। पिछले साल नवंबर में यह प्रकोप शुरू हुआ था और तब से HIV/एड्स वायरस की वजह से 6 बच्चों की मौत हो चुकी है।

HIV TEST- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK एचआईवी टेस्ट

पाकिस्तान में सबसे बड़े शहर कराची के एक सरकारी अस्पताल में HIV फैलने से नवंबर 2025 से अब तक 6 बच्चों की मौत हो चुकी है और 94 बच्चे संक्रमित हुए हैं। सिंध प्रांत के स्वास्थ्य सचिव ताहिर हुसैन सांगी ने बताया कि इस बीमारी का प्रकोप सबसे पहले नवंबर 2025 में कराची के कुलसूम बाई वालिका अस्पताल में देखा गया था। यह अस्पताल 'सिंध एम्प्लॉइज सोशल सिक्योरिटी इंस्टीट्यूशन' द्वारा संचालित है।

इस महीने बच्चों में HIV के 16 नए मामले

स्वास्थ्य सचिव ने कहा, '' हमने स्वास्थ्य मंत्रालय के आदेश पर अपनी जांच की। अस्पताल से मिले रिकॉर्ड से पता चलता है कि यह प्रकोप पिछले साल नवंबर में शुरू हुआ था और तब से HIV/एड्स वायरस की वजह से 6 बच्चों की मौत हो चुकी है।'' उन्होंने बताया कि इस महीने बच्चों में HIV के 16 नए मामलों की पुष्टि हुई है, जिससे पिछले साल नवंबर से अब तक इस वायरस से संक्रमित बच्चों की कुल संख्या 94 हो गई है। उन्होंने कहा कि बीमारी फैलने के बाद सिंध स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के आसपास के इलाकों में परीक्षण के लिए टीमें तैनात कीं।

अस्पताल के पास रहने वाले 120 लोग HIV पॉजिटिव

अस्पताल के पास रहने वाले लगभग 10,000 लोगों में से 120 लोग एचआईवी संक्रमित पाए गए, जिनमें बड़े और बच्चे दोनों शामिल हैं। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित पाए गए लोगों का इलाज सरकारी खर्च पर किया जा रहा है। सरकार के सीधे आदेशों के तहत, स्वास्थ्य विभाग प्रभावित HIV मरीजों के जीवन भर चलने वाले इलाज की व्यवस्था करने के लिए जाने-माने डॉक्टरों की एक समिति के साथ काम कर रहा था।

वहीं, बता दें कि इसी साल अप्रैल में पाकिस्तान में एक ही सिरिंज को कई मरीजों पर इस्तेमाल किए जाने से 331 बच्चों में एचआईवी संक्रमण का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया था। एक तस्वीर में अस्पताल के स्टाफ द्वारा मल्टी-डोज वायल्स पर सिरिंज का पुन: उपयोग करने और बिना स्टेराइल दस्तानों के मरीजों को इंजेक्शन लगाने की घटना कैद हुई थी।

(इनपुट- PTI)

यह भी पढ़ें-

'जल प्रलय' से पाकिस्तान में हाहाकार, 12 लोगों की मौत, 18 घायल; पानी में ढह गए कई मकान

Latest World News