1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अपना जासूसी सैटलाइट अंतरिक्ष में भेजने में नाकाम रहा चीन: रिपोर्ट

अपना जासूसी सैटलाइट अंतरिक्ष में भेजने में नाकाम रहा चीन: रिपोर्ट

आज जहां भारत ने मौसम की सटीक जानकारी पाने के लिए अपने सैटलाइट INSAT-3DR को स्पेस में स्थापित करने में कामयाबी हासिल की, वहीं खबर है कि चीन की अंतरिक्ष में उपग्रह भेजने की एक कोशिश नाकाम हो गई है।

आसमान की ऊंचाइयां...- India TV Hindi
Image Source : PTI आसमान की ऊंचाइयां नापता भारतीय सैटलाइट INSAT-3DR।

बीजिंग: आज जहां भारत ने मौसम की सटीक जानकारी पाने के लिए अपने सैटलाइट INSAT-3DR को स्पेस में स्थापित करने में कामयाबी हासिल की, वहीं खबर है कि चीन की अंतरिक्ष में उपग्रह भेजने की एक कोशिश नाकाम हो गई है और इस प्रक्रिया के दौरान उसका अत्याधुनिक उपग्रह भी नष्ट हो गया। बताया जा रहा है कि चीनी सरकार इस असफल रॉकेट लॉन्च की खबर को दबाने की कोशिश कर रही है।

पढ़ें: ISRO ने लॉन्च किया मौसम उपग्रह INSAT-3DR

चीन के शांक्सी सैटलाइट लॉन्च सेंटर से लॉन्ग मार्च 4सी रॉकेट छोड़ा गया था, लेकिन वह अपने उपग्रह गाओफेन-10 को उसकी कक्षा में स्थापित करने में असफल रहा। इस बात की जानकारी चीन के पेशेवर अंतरिक्ष विशेषज्ञों और स्पेस प्रोग्राम्स में रुचि रखने वालों द्वारा चलाए जाने वाली aihangtian.com और chinaspaceflight.com जैसी वेबसाइट्स के माध्यम से पता चली है। इन वेबसाइट्स पर बताया गया है कि यह पृथ्वी से ज्यादा ऊपर तक नहीं जा पाया था औस इसके टुकड़े शांक्सी से बरामद भी हुए थे।

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, गाओफेन-10 एक अत्याधुनिक उपग्रह था जो किसी भी समय पृथ्वी पर नागरिक और सैन्य स्तर की जासूसी में सहायक होता। 2013 के बाद चीन की यह पहली ऐसी असफलता है, हालांकि इस बारें में अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। एक अखबार के मुताबिक, पड़ोसी शांक्सी प्रांत के पुलिस विभाग ने मलबे के लिए खोज और तलाशी अभियान की तस्वीरें अपनी सोशल मीडिया अकाउंट पर डाली थीं, और उसमें भी प्रक्षेपण को असफल बताया गया  था, लेकिन वेइबो ने बाद में इस सूचना को वेब से हटा दिया। उसने पुलिस द्वारा पोस्ट किए गए रॉकेट के मलबे की तस्वीरों को वेबसाइट पर डाल दिया था।

Latest World News