ढाका: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए सबसे बड़े आतंकी हमले में एक भारतीय नागरिक की भी मौत हो गई है। 19 साल की तारुषि जैन मूल रूप से यूपी के फिरोजाबाद की रहने वाली थी। वो अमेरिका में पढ़ रही थी और छुट्टियां बिताने अपने घरवालों के पास ढाका गई हुई थी। ढाका में तारुषि के पिता कपड़े का कारोबार करते हैं। छुट्टियां बिताने आई तारुषि इस आतंकी हमले में मारी गई।
ढाका के आतंकी हमले में बंधक थी तारुषि
आतंकियों ने बांग्लादेश में हुए इस सबसे बड़े आतंकी हमले में जिन 20 विदेशी लोगों की हत्या की है उनमें तारुषि जैन भी शामिल थी। वो इकलौती भारतीय हैं जो कि रेस्टोरेंट पर हुए इस बर्बर आतंकी हमले में मारी गई हैं। तारुषि के पिता संजीव जैन ढाका में रहते थे। तारुषि अमेरिका में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह छुट्टियों में अपने पिता से मिलने आई थी और आतंकी हमले की शिकार हो गई।
Also read:
सुषमा स्वराज ने की पुष्टि
तारुषि जैन के इस आतंकी हमले मे मारे जाने की पुष्टि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्विटर पर की। विदेश मंत्री ने ट्वीट किया है, ‘ये सूचना साझा करते हुए मुझे बहुत दुख हो रहा है कि ढाका के आतंकी हमले के दौरान बंधक बनाई गई भारतीय लड़की तारुषि की आतंकियों ने हत्या कर दी...मैंने उनके पिता संजीव जैन से बात की है...उनसे गहरा दुख व्यक्त किया है...इस दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ है।’
7 आतंकियों ने 12 घंटे तक मचाई दहशत
ये आतंकी हमला बांग्लादेश की राजधानी ढाका के हाई सिक्योरिटी एरिया में स्थित एक स्पेनिश रेस्टोरेंट होली आर्टिसन बेकरी में हुआ। ये ढाका का डिप्लोमैटिक एरिया है जहां कई देशों के दूतावास स्थित हैं। करीब 12 घंटे बाद सैन्य कार्रवाई के बाद ये ऑपरेशन खत्म हुआ तब पता चला कि रेस्टोरेंट के अंदर-
- आतंकियों ने 20 विदेशी नागरिकों को मार डाला इनमें एक भारतीय तारुषि जैन भी शामिल थी
- ज्यादातर लोगों का धारदार हथियार से गला रेता गया
- मारे गए लोगों में ज्यादातर इटली और जापान के हैं
- इस हमले में पुलिस के दो सीनियर अफसर भी मारे गए
- ऑपरेशन में 6 आतंकी मारे गए जबकि एक को जिंदा पकड़ लिया गया
- इस हमले में 30 लोग घायल भी हैं
भारतीय लड़की समेत 20 विदेशियों का कत्ल
ढाका के रेस्टोरेंट में आधुनिक हथियारों से लैस आतंकी कल रात स्थानीय समय के मुताबिक 9 बजकर 20 मिनट पर घुसे थे। उन्होंने रेस्टोरेंट में घुसते ही अंधाधुंध फायरिंग कर दी और कई लोगों को बंधक बना दिया। आज सुबह बांग्लादेश के रैपिड एक्शन बटालियन के कमांडों ने ऑपरेशन शुरू किया और करीब 13 मिनट के भीतर 6 आतंकियों को ढेर कर दिया गया। इस ऑपरेशन के दौरान 13 बंधकों को छुड़ाया गया। छुड़ाए गए लोगों में भारत, श्रीलंका और जापान के नागरिक शामिल हैं।
लेकिन तारुषि जैन उन खुशनसीब लोगों में से नहीं थी जिन्हें आतंकियों के चंगुल से छुड़ाया गया उसे आतंकियों ने बंधक बनाए रखा और सेना का ऑपरेशन शुरू होने से पहले ही कत्ल कर डाला। अपनी न्यूज एजेंसी अमाक के जरिये ISIS ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। ये बांग्लादेश में पहला और सबसे क्रूर आतंकी हमला बताया जा रहा है।
Latest World News