इस्लामाबाद: राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेशी मामलों पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के सलाहकार सरताज अजीज भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाली पहली एनएसए - स्तर की वार्ता के लिए 23 अगस्त को भारत आएंगे। इस बारे में नयी दिल्ली द्वारा तारीख का प्रस्ताव दिए जाने के तकरीबन एक महीना बाद आज इसकी घोषणा की गई। यह वार्ता ऐसे समय में हो रही है जब पंजाब और जम्मू कश्मीर में आतंकवादी हमले और संघर्षविराम उल्लंघन की घटनाओं के कारण हो रही जानमाल की क्षति से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।
इस्लामाबाद में संवाददाताओं को उन्होंने बताया, हां, मैं इसकी पुष्टि कर सकता हूं कि मैं वार्ता के लिए 23 तारीख अगस्त को भारत जाउंगा। भारत ने नई दिल्ली में 23-24 अगस्त को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और अजीज की बैठक का प्रस्ताव रखा था। अजीज ने बताया कि सलाह मशवरे के बाद यह फैसला लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि बेलारूस से तीन दिन की यात्रा पूरी कर कल रात देश लौटे प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की अंतिम स्वीकृति के बाद बैठक में हिस्सा लेने का फैसला किया गया। पिछले महीने रूस के उफा में एससीओ सम्मेलन से इतर दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की मुलाकात के बाद एनएसए-स्तर की वार्ता आयोजित करने का फैसला किया गया। पिछले सप्ताह अजीज ने कहा था कि पाकिस्तान वार्ता के लिए एजेंडा तैयार कर रहा है।
इसे भी पढ़ें- पाकिस्तान ने अभी तय नहीं की है NSA स्तरीय वार्ता की तारीख
अजीज ने कहा कि पाकिस्तान कश्मीर के मूल मुद्दे सहित आपस के सभी मुद्दों पर भारत के साथ ठोस, सतत, शर्त रहित और परिणामोन्मुखी वार्ता चाहता है। विदेश विभाग के एक अधिकारी ने बताया था कि पाकिस्तान को जानकारी है कि भारत के एजेंडे में आतंकवाद का मुद्दा शामिल रहेगा और इस पर जवाब देने की योजना बनाई जा रही है। नियंत्रण रेखा पर तनाव बढ़ने के बीच दोनों देशों के एनएसए के बीच यह वार्ता हो रही है। भारत-पाक सीमा पर जुलाई में 19 बार संघर्षविराम उल्लंघन हुआ, जिसमें तीन भारतीय सैनिकों सहित चार लोग मारे गए। पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने अगस्त में भी कई मौकों पर नियंत्रण रेखा से सटी अग्रिम भारतीय चौकियों को निशाना बनाया।
भारत ने कश्मीर में भारतीय सुरक्षाबलों पर हमला करने के लिए जिम्मेदार एक पाकिस्तानी नागरिक को भी गिरफ्तार करने का दावा किया है, वहीं इस्लामाबाद ने इस बात को खारिज किया है कि इस हमले को अंजाम देने के लिए आतंकवादियों ने उसकी जमीन से घुसपैठ की। इससे पहले दोनों देशों के बीच एक जासूसी ड्रोन को लेकर जुबानी जंग छिड़ गई थी। पाकिस्तान ने दावा किया था कि भारत ने इसका इस्तेमाल नियंत्रण रेखा के पास हवाई तस्वीर लेने के लिए किया था, बहरहाल भारत ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया।
Latest World News