ईरान से जारी तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान कर दिया है। ट्रंप ने कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के जल क्षेत्र से सभी माइन्स हटा दिया गया है। आपको बता दें कि ऐसी रिपोर्ट्स सामने आई थीं कि अमेरिका के साथ जारी जंग के दौरान ईरान ने होर्मुज के जल क्षेत्र में बड़ी संख्या में माइन्स बिछा दी थीं। इस कारण होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों और टैंकरों के लिए एक बड़ा खतरा उत्पन्न हो गया था। आइए जानते हैं ट्रंप ने इस बारे में क्या कुछ कहा है।
डोनाल्ड ट्रंप ने क्या बताया?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- "मुझे अभी-अभी यूनाइटेड स्टेट्स नेवी से जानकारी मिली है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र से सभी माइन्स हटा दी गई हैं या उन्हें नष्ट कर दिया गया है। ईरान को बता दिया गया है कि अगर कोई भी जहाज या नाव नई माइन्स लगाती है, तो उसे तुरंत और पूरी तरह से नष्ट कर दिया जाएगा। हम स्पेस फोर्स के जरिए इस स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के हर हिस्से पर नजर रख रहे हैं, ठीक वैसे ही जैसे हम पिकएक्स की पहाड़ियों और पहले ही नष्ट की जा चुकीं तीन अन्य परमाणु साइटों पर नजर रख रहे हैं। माइन्स लगाने के मामले में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पूरी सख्ती से लागू है। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।"
आपको बता दें कि हाल ही में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर अमेरिकी दावे को लेकर एक नक्शा शेयर किया था। ट्रंप ने इस नक्शे में होर्मुज को अमेरिका का 'नया इलाका' बताया था। ट्रंप के इस दावे के कारण मिडिल ईस्ट में एक बार फिर से हलचल बढ़ गई है।
जंग का केंद्र बन गया होर्मुज
अमेरिका और ईरान के बीच हुई जंग के दौरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही पूरी तरह से बाधित हो गई थी। होर्मुज इस पूरे जंग का केंद्र बन गया था। जंग के दौरान होर्मुज से गुजरने वाले कई जहाजों पर हमले किए गए। इसके कारण वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतें काफी बढ़ गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जंग के दौरान ईरान ने इस इलाके में समुद्र में माइन्स भी लगा दी थीं जिस कारण जहाजों के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया था। आपको बता दें कि दुनिया का लगभग 20 फीसदी तेल और गैस का निर्यात स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से ही होकर गुजरता है।
ये भी पढ़ें- ईरान के कब्जे में है होर्मुज़, फिर चोरी-चोरी कैसे तेल निकाल रहा अमेरिका? जानें ट्रंप का सीक्रेट मिशन
'7000 मील दूर से देख रहे ख्वाब', अमेरिका ने होर्मुज पर ठोका दावा, ईरान ने ट्रंप का उड़ाया मजाक
Latest World News