1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नेपाल में दो बार कांपी धरती, 4.5 और 4.2 तीव्रता के भूकंप से मचा हड़कंप

नेपाल में दो बार कांपी धरती, 4.5 और 4.2 तीव्रता के भूकंप से मचा हड़कंप

नेपाल में आए पहले भूकंप की तीव्रता 4.5 और दूसरे की 4.2 थी। दोनों भूकंपों का केंद्र मुगु जिले के कलाई क्षेत्र के आस-पास बताया गया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : FILE (PTI) प्रतीकात्मक फोटो

उत्तर-पश्चिमी नेपाल में लगातार दो बार भूकंप आया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। हालांकि, भूकंप से अभी तक किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की तत्काल कोई सूचना नहीं है। राष्ट्रीय भूकंपीय अनुसंधान केंद्र के अनुसार, पहले भूकंप की तीव्रता 4.5 थी और यह स्थानीय समयानुसार मंगलवार देर रात एक बजकर 51 मिनट पर दर्ज किया गया। वहीं, दूसरे भूकंप की तीव्रता 4.2 थी, जो स्थानीय समयानुसार सुबह 4:28 बजे आया। 

इसका केंद्र मुगु जिले के कलाई क्षेत्र के आसपास था। भूकंप के झटके पड़ोसी जिलों डोल्पा और जुम्ला में भी महसूस किए गए। हालांकि, इनसे किसी तरह के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली। नेपाल भूकंपीय रूप से सक्रिय क्षेत्र में स्थित है। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में किसी संभावित आफ्टरशॉक (बाद के झटकों) या ढांचागत नुकसान पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।

झालावाड़ में भूकंप के तीन झटके

इससे पहले, राजस्थान के झालावाड़ जिले में मंगलवार सुबह भूकंप के तीन हल्के झटके महसूस किए गए। पिड़ावा ब्लॉक की नोलाई ग्राम पंचायत के नोलाई समेत चार-पांच गांवों में झटकों के बाद कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर एक सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्रों और कर्मचारियों को इमारत से बाहर निकालकर खुले मैदान में पहुंचाया गया और स्कूल को दिनभर के लिए बंद कर दिया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब 7:15 बजे से 9:50 बजे के बीच नोलाई, बरखेड़ी, खजूरी, नापाखेड़ी और आवर गांव में तीन बार कंपन महसूस किया गया। ग्रामीणों ने तेज कंपन महसूस होने की बात कही। कुछ ग्रामीणों के अनुसार, तीसरे झटके के दौरान घरों में रखे बर्तन भी गिर गए।

वहीं, एक-दो मकानों में मामूली दरारें आने की सूचना मिली है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभी यह तय नहीं है कि ये दरारें भूकंप के झटकों से आई हैं या पहले से मौजूद थीं। घटना में किसी के घायल होने या किसी इमारत के ढहने की सूचना नहीं है। तहसीलदार धनराज गोचर और पिड़ावा थाना प्रभारी रामपाल यादव ने प्रभावित गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन और पुलिस अलर्ट पर हैं और पटवारी और राजस्व अधिकारियों को गांवों में निगरानी के लिए तैनात किया गया है।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

PM मोदी के दोस्त असगर अली वोरा की जमीन पर बड़ा फैसला, BJP विधायक ने छोड़ा कब्जा; जानिए पूरा मामला

श्मशान घाट जाने का रास्ता नहीं, उफनती नदी में शव लेकर उतरे लोग; देखें VIDEO

Latest World News