नेपाल के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित सुदूरपश्चिम प्रांत में गुरुवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.0 मापी गई है। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र (NEMRC) के अनुसार, भूकंप के झटके सुबह 8 बजकर 32 मिनट पर महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र दार्चुला जिले के मुरई क्षेत्र के आस-पास बताया गया है। भूकंप के झटके पास के बैतड़ी और बझांग जिलों में भी महसूस किए गए।
नुकसान की खबर नहीं
स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों ने पुष्टि की है कि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण फिलहाल किसी भी इमारत के गिरने या किसी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है।
बता दें कि नेपाल दुनिया के सबसे सक्रिय 'टेक्टॉनिक' जोन में स्थित है, जिसके कारण यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से नेपाल भूकंपीय क्षेत्र चार और पांच के अंतर्गत आता है। यही वजह है कि यह हिमालयी राष्ट्र दुनिया के सबसे अधिक भूकंप संभावित देशों की सूची में 11वें स्थान पर है।
एक हफ्ते में दूसरी बार आया भूकंप
इससे पहले, नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रांत में सोमवार दोपहर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई थी। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र (NEMRC) के अनुसार, भूकंप सोमवार दोपहर बाद 1 बजकर 14 मिनट पर आया। इसका केंद्र बाझंग जिले के रायल क्षेत्र के पास जमीन के भीतर स्थित था। भूकंप के झटके इतने प्रभावी थे कि बाझंग के पड़ोसी जिलों बाजुरा और बैतड़ी में भी लोग दहशत में आ गए और खुले मैदानों की ओर भागने लगे।
नेपाल का सुदूरपश्चिम प्रांत पिछले कुछ दिनों से लगातार भूकंपीय गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। इससे पहले, 17 मार्च को भी इसी प्रांत के दार्चुला जिले (सीतौला क्षेत्र) में 4.0 तीव्रता का भूकंप आया था।
ये भी पढ़ें-
बंगाल में राम नवमी पर 'हाई अलर्ट', 3,000 पुलिसकर्मी तैनात, हथियारों पर रोक; भीड़ पर भी सख्त पाबंदी
VIDEO: कनाडा में फायरिंग की 2 वारदातें, मन्ना गिल और कुलबीर सिद्धू ने सोशल मीडिया पर लीजिम्मेदारी
Latest World News