A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में शादी के दौरान आत्मघाती हमला, नाच रहे 5 लोगों की धमाके में मौत; 10 घायल

पाकिस्तान में शादी के दौरान आत्मघाती हमला, नाच रहे 5 लोगों की धमाके में मौत; 10 घायल

पाकिस्तान से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक शादी समारोह के दौरान आत्मघाती हमला हुआ है। हमला उस समय हुआ जब लोग शादी में नाच रहे थे। इस आत्मघाती हमले में पांच लोगों की मौत हो गई।

शांति समिति के प्रमुख के आवास पर हुआ धमाका।- India TV Hindi
Image Source : PTI/REPRESENTATIVE IMAGE शांति समिति के प्रमुख के आवास पर हुआ धमाका।

पेशावर: शुक्रवार रात पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में एक शांति समिति सदस्य के आवास पर शादी समारोह के दौरान हुए आत्मघाती हमला हो गया। इस हमले में कम से कम पांच लोग मारे गए और दस घायल हो गए। डेरा इस्माइल खान जिले के जिला पुलिस अधिकारी, सज्जाद अहमद साहिबजादा ने पुष्टि की कि यह एक आत्मघाती बम हमला था जो कुरैशी मोड़ के पास शांति समिति के प्रमुख नूर आलम मेहसूद के आवास पर शादी समारोह के दौरान हुआ। बताया जा रहा है कि हमले के समय मेहमान नाच रहे थे। विस्फोट से कमरे की छत गिर गई, जिससे बचाव कार्य बाधित हुआ और मलबे के नीचे फंसे लोगों तक पहुंचना मुश्किल हो गया। जिला मुख्यालय अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।

सीएम ने आईजी से मांगी रिपोर्ट

एक बयान में, खैबर पख्तूनख्वा रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने कहा कि पांच शव और 10 घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सात एम्बुलेंस, एक दमकल वाहन और एक आपदा राहत वाहन घटनास्थल पर पहुंच गए और बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों ने इलाके को घेर लिया और घटना की जांच शुरू कर दी। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, शांति समिति के नेता वहीदुल्लाह मेहसूद उर्फ ​​जिगरी मेहसूद मृतकों में शामिल थे। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने विस्फोट की कड़ी निंदा की और केपी के पुलिस महानिरीक्षक से रिपोर्ट मांगी। उन्होंने कहा कि दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

शांति समिति के चार सदस्यों की हत्या

बता दें कि इस महीने की शुरुआत में, खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में सशस्त्र हमलावरों ने एक शांति समिति के चार सदस्यों की हत्या कर दी थी। नवंबर 2025 में, खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में ही एक शांति समिति के कार्यालय पर हमले में सात लोग मारे गए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में एक 'गुड तालिबान' भी शामिल था, जो राज्य के समक्ष आत्मसमर्पण करने वाले पूर्व उग्रवादी को संदर्भित करता है, और बाकी उसके रिश्तेदार थे।

यह भी पढ़ें-

"NATO पर घिनौनी और अपमानजनक टिप्पणी के लिए माफी मांगें ट्रंप", ब्रिटिश PM कीर स्टार्मर ने US पर बोला हमला

इतिहास के सबसे खतरनाक अध्यायों से गुजर रहा बांग्लादेश, खूनी फासीवादी लुटेरे और भ्रष्ट यूनुस ने चूसा राष्ट्र का खून: हसीना

Latest World News