1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'वो मेरे पिता को जान से मारना चाहते हैं...', इमरान खान के बेटों ने पाकिस्तान सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

'वो मेरे पिता को जान से मारना चाहते हैं...', इमरान खान के बेटों ने पाकिस्तान सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

इमरान खान के बेटों सुलेमान और कासिम ने एक इंटरव्यू में दावा किया है कि पाकिस्तान की सरकार उनके पिता को जान से मारने की खुलेआम कोशिश कर रही है। उन्होंने स्काई स्पोर्ट्स पर प्रसारित हुए एक इंटरव्यू में ये बयान दिया है।

imran khan sons accused pakistan govt- India TV Hindi
Image Source : AP शहबाज शरीफ सरकार पर लगे गंभीर आरोप।

जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत को लेकर लगातार हंगामा मचा हुआ। इस मुद्दे पर पाकिस्तानी सरकार को लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच इमरान खान के बेटों सुलेमान और कासिम ने बड़ा दावा कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान की सरकार उनके पिता इमरान खान की जान लेना चाहती है। सुलेमान और कासिम ने एक इंटरव्यू में बताया है कि पाकिस्तान में इमरान खान को जान से मारने के लिए खुलेआम कोशिश की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, इमरान खान के बेटों सुलेमान और कासिम ने स्काई स्पोर्ट्स पर प्रसारित हुए एक इंटरव्यू में भाग लिया। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइक एथर्टन ने ये इंटरव्यू लिया था। आपको बता दें कि हाल ही में 21 दिग्गज 21 क्रिकेटरों ने पाकिस्तान की सरकार को एक पत्र लिखा था और इमरान खान को जरूरी मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की थी। माइक एथर्टन भी पत्र लिखने वाले इन क्रिकेटरों में शामिल थे। इस इंटरव्यू में सुलेमान और कासिम ने पाकिस्तान सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

क्या बोले इमरान खान के बेटे?

इमरान खान के बेटे कासिम ने इंटरव्यू में पाकिस्तान सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा- "वे जो भी कर रहे हैं उससे साफ हो जाता है कि उन्हें खुले आम करने की कोशिश की जा रही है। वे चाहते हैं कि जितना संभव हो इमरान खान को जेल में रखा जाए। उन्हें (पाकिस्तान की सरकार) को भरोसा है कि वे उनकी आवाज दबा देंगे। हाल में जब हमारे रिश्तेदारों ने उनसे (इमरान खान) मुलाकात की थी तो उन्होंने कहा था कि हालात बेहद खराब हो गए हैं। वह इसकी तुलना उन अन्य राजनीतिक कैदियों से कर रहे थे जिन्हें मार दिया गया है या जिनकी जेल में मौत हो गई है। अभी स्थिति पहले से भी बदतर है। उन्हें दिन में 23 घंटे से अधिक समय तक एक कोठरी में पूरी तरह से अलग-थलग रखा जाता है।'' बता दें कि इससे पहले इमरान खान की बहन उज्मा ने भी शहबाज शरीफ की सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे।

इमरान की आंख पर पट्टी बंधी हुई थी- सुलेमान 

इमरान खान के दूसरे बेटे सुलेमान ने कहा- "हमें सोचने को मजबूर होना पड़ रहा है कि वे क्या छिपा रहे हैं। वे किसी निष्पक्ष, तटस्थ डॉक्टर से उनकी जांच क्यों नहीं करवा रहे हैं। जब कोर्ट ने मेडिकल टेस्ट का निर्देश दिया था, तब हमें कुछ उम्मीद बंधी थी लेकिन हमारी आशंकाएं तब सच साबित हो गईं जब उन्हें प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाने की जगह सरकारी हॉस्पिटल ले जाया गया। फिर उन्हें जेल वापस भेज दिया गया। चोट लगने के कारण उनकी आंख पर पट्टी बंधी हुई थी। वह काफी तनाव में दिख रहे थे। मैंने उन्हें जितनी बार भी देखा है, वह हमेशा शांत और आत्मविश्वास से भरे हुए नजर आए हैं।" इमरान खान के दोनों बेटों ने कहा कि उन्होंने अपने पिता इमरान खान को 2022 के बाद अपने सामने नहीं देखा है। उनसे फोन पर उनकी आखिरी बातचीत इस साल मार्च में हुई थी। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता से मिलना चाहते थे लेकिन उन्हें वीजा नहीं दिया गया।

इंग्लैंड-पाकिस्तान के मैच में विवाद

PTI ने सूत्रों के हवाले से एक और बड़ी जानकारी साझा की है। इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू तब प्रसारित हुआ जब लॉर्ड्स में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा था। ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मैच को आगे नहीं खेलने पर भी विचार किया। PCB ने इंटरव्यू को लेकर प्रसारणकर्ता के पास शिकायत भी दर्ज कराई थी। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- इमरान खान को वापस लाया गया अदियाला जेल, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जांच के लिए गए थे अस्पताल

इमरान खान पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश से बढ़ी शहबाज की मुश्किल, सरकार की याचिका खारिज; अब क्या होगा?

Latest World News