रियाद: सऊदी अरब में अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर हुए हमलों के बाद भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने और जरूरत के मुताबिक घर के अंदर रहने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से स्थानीय अधिकारियों की ओर से जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
वीडियो और खबरें शेयर नहीं करने की अपील
भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से मौजूदा घटनाओं से जुड़े वीडियो या खबरों को सोशल मीडिया पर शेयर या रीपोस्ट नहीं करने की अपील भी की है। दूतावास ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए सभी भारतीय नागरिक सतर्क रहें और आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। दूतावास ने कहा,
'दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। VFS के जरिए दी जाने वाली आउटसोर्स सेवाएं भी जारी हैं। जरूरत पड़ने पर आगे एडवाइजरी जारी की जाएगी। 24 घंटे की PBSK हेल्पलाइन 8002471234 भी उपलब्ध है।'
'नागरिक ठिकानों को निशाना बनाना अस्वीकार्य'
इससे पहले भारत ने सऊदी अरब के दोनों एयरपोर्ट पर हुए हमलों की निंदा की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाए जाने से आम लोगों की जान गई है। MEA ने कहा कि नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। भारत ने हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। भारत ने सऊदी अरब की सरकार और वहां के लोगों के साथ एकजुटता भी जताई।
सऊदी में 2 हमलों में 3 लोगों की मौत, 36 घायल
सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन यानी GACA के मुताबिक, अबहा और किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमले अलग-अलग दिनों में हुए। अबहा एयरपोर्ट पर 6 अक्टूबर को हुए हमले में दो लोगों की मौत और 28 लोग घायल हुए। वहीं, रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 7 अक्टूबर को हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत और 8 लोग घायल हुए। कुल मिलाकर दोनों हमलों में 3 लोगों की मौत हुई और 36 लोग घायल हुए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किंडरगार्टन और क्लिनिक को पहुंचा नुकसान
सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, रियाद में एक बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया गया। इसके बाद मिसाइल के गिरते मलबे से एक किंडरगार्टन और मेडिकल क्लिनिक परिसर को नुकसान पहुंचा। सऊदी सिविल डिफेंस के मुताबिक, हूती मिलिशिया की ओर से मिसाइल दागे जाने के बाद यह घटना हुई। घटना के बाद सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और नुकसान का जायजा लिया।
सऊदी गठबंधन ने यमन में 82 सैन्य ठिकाने तबाह किए
सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने इन हमलों के जवाब में यमन में हूती मिलिशिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गठबंधन की ओर से कहा गया कि सऊदी नागरिक ठिकानों पर हुए हमलों का जवाब दिया गया है। गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने कहा कि हूती मिलिशिया के नागरिकों और नागरिक ठिकानों पर किए गए हमलों को बिना जवाब के नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि गठबंधन की संयुक्त सेनाओं ने यमन के सादा, अल हुदायदाह, अल जौफ और मारिब प्रांतों में हूती के 82 सैन्य ठिकानों को नष्ट किया।
रियाद की उड़ानें 10 अक्टूबर तक रद्द
क्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को 10 अक्टूबर तक रद्द कर दिया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि क्षेत्र में मौजूदा हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। प्रभावित यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने या टिकट रद्द कर पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया जा रहा है। एयरलाइन ने कहा कि वह हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। (ANI से इनपुट्स के साथ)
ये भी पढे़ं: सऊदी की राजधानी के एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों का मिसाइल से हमला, काफी देर तक बाधित रहीं उड़ानें
Latest World News