1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. गमगीन हुआ ईरान... प्रेस टीवी पर अली खामेनेई के मारे जाने की यूं पढ़ी गई खबर, इमाम रजा की मजार पर रोते-बिलखते दिखे लोग

गमगीन हुआ ईरान... प्रेस टीवी पर अली खामेनेई के मारे जाने की यूं पढ़ी गई खबर, इमाम रजा की मजार पर रोते-बिलखते दिखे लोग

इमाम आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान में मातम पसरा हुआ है। मशहद में इमाम रजा की मजार पर लोग रोते-बिलखते नजर आ रहे हैं। ईरान के लोग अपने रहबर को खोने के गम में सड़कों पर उतर आए हैं।

आयतुल्लाह अली खामेनेई की शहादत के बाद इमाम रजा की मजार पर पसरा सन्नाटा।- India TV Hindi
Image Source : PTI आयतुल्लाह अली खामेनेई की शहादत के बाद इमाम रजा की मजार पर पसरा सन्नाटा।

अमेरिकी-इजरायली हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई मारे गए। आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत की खबर सुनकर ईरान में मातम पसर गया है। ईरानी लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है। अली खामेनेई के मारे जाने की खबर सुनाए जाने के क्षण भर से ही मशहद स्थित इमाम रजा के पवित्र तीर्थस्थल पर शोक और मातम छाया हुआ है। ईरानी मीडिया प्रेस टीवी (Press TV) पर एंकर की ओर से अली खामेनेई की मौत की खबर कुछ यूं पढ़ी गई।

इमाम रजा के पवित्र तीर्थस्थल का वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि लोग अली खामेनेई की मौत की खबर सुन बेसुध हो गए। इमाम रजा की मजार पर लोग रोते-बिलखते नजर आ रहे हैं।

इमाम खामेनेई के मारे जाने की घोषणा के कुछ ही मिनटों बाद ही ईरान में लोग अपने रहबर को खोने के गम में सड़कों पर उतर आए।

खामेनेई के परिवार के कई लोगों की मौत

अली खामेनेई के साथ उनकी बेटी और दामाद समेत परिवार के कई लोगों की मौत हो गई है। ईरान के सरकारी मीडिया के हवाले से बताया गया कि इजराइल-अमेरिकी हमलों में अली खामेनेई की बेटी, पोती, बहू और दामाद मारे गए। ईरान की सरकार ने अली खामेनेई की मौत के बाद 40 दिनों का शोक और 7 दिनों का अवकाश घोषित किया।

ईरान के 7 टॉप कमांडर भी मारे गए

इससे पहले, इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने ईरानी रक्षा नेतृत्व के 7 टॉप लीडरों के मारे जाने की लिस्ट जारी की थी। इजरायल डिफेंस फोर्सेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, "इजरायली वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने पूरे ईरान में सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले किए, जिसमें ईरानी रक्षा नेतृत्व के 7 वरिष्ठ अधिकारियों को मार गिराया गया है। यह दुनिया उनके बिना एक बेहतर जगह है।" मारे जाने वाले  ईरानी रक्षा नेतृत्व के लीडरों में अली शमखानी, मोहम्मद पाकपुर,सालेह असदी, मोहम्मद शिराजी, अजीज नासिरजादेह, हुसैन जबल अमेलियन और रजा मुजफ्फर-निया का नाम है।

ये भी पढ़ें-

Israel US Strikes in Iran LIVE: ईरान USA पर करने जा रहा इतिहास के सबसे विनाशक हथियारों से हमलाः ईरानी मीडिया

'अल्लाह से जो वादा किया, उसे पूरा कर दिखाया', खामेनेई की मौत के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर का आखिरी पोस्ट

Latest World News