Israel US Attack on Iran Update: अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump के दावे के बाद अब ईरान की सरकारी मीडिया ने सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के शनिवार को इजराल और अमेरिका के हवाई हमले में मारे जाने की पुष्टि कर दी है। ट्रंप ने खामेनेई की मौत का ऐलान करने के बाद कहा यह न केवल ईरान की पब्लिक के लिए इंसाफ है, बल्कि सभी अमेरिकियों और विश्व भर के उन देशों के नागरिकों के लिए भी न्याय है, जिन्हें खामेनेई और उसके गिरोह ने मार डाला। अब IRGC ने दावा किया है कि ईरानी सेना अमेरिका और अमेरिकी ठिकानों पर इतिहास के सबसे विनाशक हथियार से हमला करने जा रही है। ईरान और बगदाद में अमेरिका के खिलाफ खामेनेई की मौत के विरोध में लोग सड़कों पर उतर आए हैं।
ईरान ने दुबई के बुर्ज खलीफा और कुवैत पर फिर हमला किया
ईरान ने दुबई के बुर्ज खलीफा के पास और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर फिर हमला किया। इसके साथ ही इरबिल में भी अमेरिकी बेस को निशाना बनाया है। इस दौरान ईरान दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दोबारा मिसाइल से हमला किया है।
आईआरजीसी ने कहा-बदला पूरा नहीं होने तक जंग जारी रहेगी
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने ऐलान किया है कि खामेनेई के हत्यारों को सजा नहीं मिलने तक जंग जारी रहेगी। IRGC ने कहा है कि वह अमेरिका और उसके ठिकानों पर इतिहास का सबसे विनशाक हमला करने जा रहा है। इस बीच ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि केवल ट्रंप और अमेरिका ही नहीं, बल्कि उनका साथ देने वाले भी ईरानी प्रतिशोध का सामना करने के लिए तैयार रहें।
खामेनेई की मौत की पुष्टि के बाद रोकर बेहोश हो रहे लोग
खामेनेई की मौत की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद पूरे ईरान में मातम छा गया है। कई जगहों पर लोग रो-रोकर बेहोश हो गए हैं। अयातुल्ला खामेनेई की शहादत के बारे में सुनकर मशहद में इमाम रजा के पवित्र तीर्थस्थल पर ईरानियों में शोक और मातम छा गया।
ईरान की सरकारी मीडिया ने खामेनेई के मारे जाने की पुष्टि की
ईरान के सरकारी मीडिया ने भी खामेनेई के मारे जाने की पुष्टि कर दी है। ईरान की सरकार ने खामेनेई की मौत के बाद 40 दिनों का शोक और 7 दिनों का अवकाश घोषित किया है। हमले में खामेनेई के बेटे, दामाद और बेटी व पोतों की मौत की भी पुष्टि हुई है। अब ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने भी खामेनेई की मौत की पुष्टि कर दी है और कहा है कि रमजान के पवित्र महीने में खामेनेई शहीद हुए हैं,,अल्लाह उन्हें जन्नत फरमाये।
हालांकि अब देखना होगा कि ये जंग अभी तक जारी रहती है या किस ओर जाती है?
ईरान ने बहरीन और दुबई के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला किया
ईरान ने बहरीन के इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया है। ईरान के मुताबिक यह अमेरिका का लांच पैड बन गया था।
बगदाद में ईरान के समर्थन में हुआ प्रदर्शन
दूसरी तरफ, ईरान के पड़ोसी इराक की राजधानी बगदाद में लोगों ने इजरायल और अमेरिका की कार्रवाई के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी अपने हाथ में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई, पूर्व हिज्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह और दिवंगत ईरानी जनरल कासिम सुलेमानी के पोस्टर लिए दिखाई दिए।
बीते 8 महीने में दूसरी बार ईरान पर हमला
गौरतलब है कि इन हमलों ने ईरान के मामलों में अमेरिकी दखल के एक चौंकाने वाले नए चैप्टर की शुरुआत कर दी है। यह पिछले 8 महीने में दूसरी बार है जब डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने ईरान के खिलाफ सैन्य बल का इस्तेमाल किया है। अमेरिकी अधिकारी का दावा है कि हमलों में जिन लोगों को निशाना बनाया गया, उनमें ईरान के नेतृत्व के सदस्य शामिल हैं। हालांकि, हमला कितना सफल रहा, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
भारत ने दोहराई संवाद और कूटनीति की बात
वहीं, भारत के कई लोग दुबई एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं। ईरान की तरफ से जवाबी हमलों के बाद दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानें रद्द कर दी गई थीं और इसी वजह से एयरपोर्ट पर भारी भीड़ जमा है। इस बीच, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इजरायल, ईरान, UAE, कतर, बहरीन और कुवैत के विदेश मंत्रियों से बात करके संवाद और कूटनीति के जरिए मसले का हल ढूंढने के आह्वान की बात को दोहराया है। यहां पढ़ें मध्य-पूर्व में तनाव का एक-एक अपडेट।