ईरान-अमेरिका युद्ध का दायरा बढ़ा, सऊदी पर हूतियों ने किया हमला, पढ़ें जंग से जुड़े अपडेट्स
ईरान-अमेरिका संघर्ष अब पूरे मध्य-पूर्व में फैलता दिख रहा है। इसी कड़ी में हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के अभा एयरपोर्ट पर मिसाइल और ड्रोन हमला किया है। इस बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव और बढ़ गया है। आइए, जानते हैं अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग से जुड़े अपडेट्स के बारे में।

Highlights
- हूती विद्रोहियों ने सऊदी के अभा एयरपोर्ट पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया।
- अमेरिका ने ईरान पर दबाव बढ़ाते हुए 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' में नई नाकेबंदी की घोषणा की।
- बढ़ते सैन्य तनाव से तेल बाजार, क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक व्यापार पर चिंता गहराई।
ईरान और अमेरिका के बीच जारी जंग अब मिडिल ईस्ट के अन्य इलाकों मे भी फैलने लगी है। यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के अभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। हूती नेताओं का कहना है कि यह कार्रवाई सना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हवाई हमलों के जवाब में की गई है, जिनके लिए उन्होंने सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने इस घटनाक्रम पर चिंता जताते हुए सभी पक्षों से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।
इधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' में ईरान के खिलाफ फिर से नाकेबंदी लागू करने और सुरक्षित समुद्री रास्ते के बदले अन्य देशों के जहाजों से शुल्क लेने की घोषणा की है। ईरान ने इस फैसले का विरोध करते हुए कहा कि होर्मुज की सुरक्षा और संचालन उसका अधिकार है। दोनों देशों के बीच हाल के दिनों में समुद्री हमलों और जवाबी सैन्य कार्रवाई का सिलसिला तेज हुआ है। इस तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर भी दिखा और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी दर्ज की गई।
इस बीच अमेरिका ने ईरान के साथ जारी संघर्ष में अपने सैन्य नुकसान के नए आंकड़े जारी किए हैं। अमेरिकी सेना के अनुसार अब तक 14 सैनिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 400 से ज्यादा सैनिक घायल हुए हैं। क्षेत्र में लगातार हो रहे हमलों, जवाबी कार्रवाइयों और बढ़ते तनाव से पूरे पश्चिम एशिया में अस्थिरता का खतरा बढ़ गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द कूटनीतिक समाधान नहीं निकला तो इसका असर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा आपूर्ति और क्षेत्रीय सुरक्षा पर और गंभीर हो सकता है। मध्य-पूर्व में जारी जंग से जुड़े हर बड़े अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें:
Live updates : Iran War Live Updates
-
July 14, 2026 11:11 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
'अमेरिकी ड्रोन कमांड और कंट्रोल सेंटर को बनाया निशाना'
ईरानी की सरकारी मीडिया के मुताबिक, IRGC ने दावा किया कि उसने बहरीन के शेख ईसा एयरबेस पर मौजूद अमेरिकी ड्रोन कमांड और कंट्रोल सेंटर को निशाना बनाया। इसके अलावा ईरानी सेना ने हेलीकॉप्टरों की मरम्मत और रखरखाव वाली अहम सुविधा तथा P-8 इलेक्ट्रॉनिक युद्धक विमानों के हैंगर पर भी हमला करने का दावा किया। IRGC ने इस अभियान को 'ऑपरेशन नसर-2' का हिस्सा बताया है।
-
July 14, 2026 11:09 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
IRGC ने ली बहरीन में हमलों की जिम्मेदारी
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स या IRGC ने बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर नए सिरे से किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों की जिम्मेदारी ली है। IRGC ने इसे अमेरिका के खिलाफ अपनी जवाबी कार्रवाई के दूसरे चरण का हिस्सा बताया है। यह हमले मध्य पूर्व में तैनात अमेरिकी सेनाओं को निशाना बनाकर किए गए हैं।
-
July 14, 2026 10:00 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
हूतियों पर हमले से पहले सऊदी ने ट्रंप से मांगा था समर्थन
सऊदी अरब ने यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू करने से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से समर्थन मांगा था। एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के इस कदम का समर्थन किया। अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से Axios की रिपोर्ट में बताया गया कि सऊदी क्राउन प्रिंस ने अभियान शुरू करने से पहले ट्रंप को इसकी जानकारी दी और वॉशिंगटन से इस कार्रवाई के लिए समर्थन मांगा।
-
July 14, 2026 8:49 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
सऊदी हमले की वजह से हुदैदा एयरपोर्ट पर उतरा विमान
यमन की मान्यता प्राप्त सरकार के रक्षा मंत्री जनरल ताहिर अल-अकीली ने कहा कि ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद लौट रहे हूती प्रतिनिधिमंडल को ले जा रहे विमान को रोकने के लिए सना इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे पर हमला किया गया। हूती विद्रोहियों का कहना है कि विमान ने अपना रास्ता बदल लिया और वह हुदैदा एयरपोर्ट पर उतरा।
-
July 14, 2026 8:25 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
UAE ने कहा, 'हमें भी जवाब देने का हक है'
UAE के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि टैंकरों पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 6 भारतीय और 2 यूक्रेनी नागरिक घायल हुए हैं। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि UAE के पास इस हमले का जवाब देने और अपने क्षेत्र, नागरिकों तथा वहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का पूरा अधिकार सुरक्षित है। मंत्रालय ने अपने बयान में चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि वह इस बढ़ते तनाव का उचित जवाब देगा। इससे पहले भी युद्ध के दौरान ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू करने से पहले यूएई ने इसी तरह की भाषा का इस्तेमाल किया था।
-
July 14, 2026 8:01 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
ईरान ने बहरीन पर फिर किया मिसाइल हमला
अमेरिका की ताजा हवाई कार्रवाई के जवाब में मंगलवार तड़के ईरान ने बहरीन पर एक बार फिर हमला किया। जवाबी कार्रवाई के दौरान बहरीन में दो बार मिसाइल अलर्ट सायरन बजाए गए। सरकार ने लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों और बंकरों में शरण लेने की अपील की। हमले के बाद पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार इस हमले में किसी तरह के नुकसान या जनहानि की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
-
July 14, 2026 7:48 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
जंग के बाद बढ़ने लगे कच्चे तेल के दाम
ईरान-अमेरिका की जंग के इस फेज की शुरुआत के बाद कच्चे तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। क्रूड ऑयल जो दो हफ्ते पहले 70 डॉलर प्रति बैरल तक गिर गया था, अब एक बार फिर से 80 का आंकड़ा पार कर रहा है।
-
July 14, 2026 7:35 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
'होर्मुज पर पूरी तरह से अमेरिका का कंट्रोल'
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि होर्मुज पर अब पूरी तरह से अमेरिका का कंट्रोल है और वहां से जहाज सुरक्षित गुज़र सकते हैं। ट्रंप ने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि होर्मुज पर ईरानी कंट्रोल खत्म कर दिया गया है।
-
July 14, 2026 7:18 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
अरागची ने ट्रंप के प्रस्ताव पर कसा तंज
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने ट्रंप के 20 फीसदी की फीस के प्रस्ताव का मजाक उड़ाते हुए कहा कि होर्मुज की सुरक्षा का अधिकार ईरान का है। उन्होंने कहा कि 20 फीसदी तो बहुत ज्यादा है, हम इससे काफी कम लेंगे।
-
July 14, 2026 7:05 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
चाबहार में सुनाई दिए 6 से ज्यादा धमाके
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक अमेरिका ने इस हफ्ते 3 दिनों में ईरान के 300 से ज्यादा मिलिट्री ठिकानों को निशाना बनाया है। रात को हमलों के बाद चाबहार में 6 से ज्यादा धमाके सुने गए हैं। ईरानी मीडिया के मुताबिक बंदर अब्बास में भी कोस्टलाइन में अमेरिका ने ईरानी जहाजों पर हमले किए हैं।
-
July 14, 2026 6:59 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
अमेरिका ने ईरान पर लगातार तीसरी रात किया हमला
अमेरिका ने लगातार तीसरी रात ईरान पर बड़ा हमला करते हुए बंदर अब्बास, कोनारक और चाबहार पोर्ट को निशाना बनाया है। अमेरिका ने आरोप लगाया कि ईरान ने होर्मुज में जहाजों को निशाना बनाया जिसके बाद ये जवाबी हमला किया गया।
-
July 14, 2026 6:58 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
सऊदी हमलों के जवाब में किया अटैक: यमन
एक हूती प्रवक्ता ने कहा कि सऊदी अरब की आपराधिक आक्रामकता के जवाब में यमन के सशस्त्र बलों ने कई बैलिस्टिक मिसाइलों और UAV का इस्तेमाल करके आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाते हुए एक सैन्य अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि यमन ने इस अभियान ने अपने लक्ष्यों को सफलतापूर्वक हासिल किया।
-
July 14, 2026 6:49 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
नए इलाकों में फैलने लगी मध्य-पूर्व की जंग
अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग अब नए इलाकों में तेजी से फैलने लगी है। सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों ने पिछले कुछ घंटों में एक-दूसरे के ऊपर हमले किए हैं। वहीं, बहरीन ने भी खुद के ऊपर ईरान की तरफ से हमला होने की बात कही है।