ईरान के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को कैस्पियन सागर में एक ईरानी कमर्शियल शिप पर यूक्रेन की तरफ से किए गए हमले की कड़ी आलोचना की और यूक्रेन पर संभावित जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी। ईरान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून के अंतर्गत अपने राष्ट्रीय हितों और सुरक्षा की रक्षा करने में तेहरान जरा भी संकोच नहीं करेगा।
यूक्रेनी हमले में हो गई ईरान के सेलर की मौत
प्रेस टीवी की तरफ से प्रसारित मंत्रालय के एक स्टेटमेंट के मुताबिक, यह हमला बीते शनिवार की सुबह हुआ, जिससे ईरानी कमर्शियल शिप पर ब्लास्ट हुआ। इस घटना में एक सेलर की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया।
यूक्रेन को याद दिलाया संयुक्त राष्ट्र चार्टर
ईरान ने यूक्रेनी एक्शन की निंदा करते हुए इसे संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 2 (4) का उल्लंघन कहा। ईरान ने इस अटैक को व्यापक क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने के मकसद से की गई "आक्रामकता" करार दिया।
ईरानी कमर्शियल शिप पर हमला करके यूक्रेन ने न सिर्फ इंटरनेशनल लेवल पर गलत कार्य किया है, बल्कि खतरनाक तरीके से असुरक्षा फैलाने की भी कोशिश की है: ईरानी विदेश मंत्रालय
यूक्रेन को ठहराया जाए जवाबदेह- ईरान
प्रेस टीवी के मुताबिक, ईरानी विदेश मंत्रालय ने ये भी कहा कि ईरान ने "रूस-यूक्रेन युद्ध में कभी दखल नहीं दिया" है। साथ ही, ईरान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद, UN के सभी सदस्य देशों और यूरोपीय देशों से यूक्रेन को जवाबदेह ठहराने की अपील की।
ईस्टर्न यूरोप और आसपास के क्षेत्रों में शांति-सुरक्षा को लेकर सचमुच चिंतित किसी भी पक्ष को यूक्रेन की सरकार के इस खतरनाक कदम पर जिम्मेदार रुख अपनाना होगा और यूक्रेन को इस उकसावे वाले काम के लिए जवाबदेह ठहराना चाहिए: ईरानी विदेश मंत्रालय
ईरान ने दिया जवाबी एक्शन का संकेत
प्रेस टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने वॉर्निंग दी है कि परिस्थितियां और बिगड़ने की पूरी जिम्मेदारी यूक्रेन और उसके अंतरराष्ट्रीय समर्थकों की होगी, और साथ ही उसने बचाव में जवाबी एक्शन करने के लिए अपनी तैयारी होने का भी संकेत दिया। इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के फ्रीज पैसों को लेकर ऐलान किया था कि जहाजों और कार्गो की नुकसान की भरपाई उसी से होगी। इसको लेकर ईरान भड़क गया था।
(इनपुट- ANI)
ये भी पढ़ें- 'चीन और रूस ईरान की मदद नहीं करते, करेंगे तो बहुत बुरा होगा', ट्रंप ने NATO को भी धमकाया
Latest World News