ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच अब अमेरकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन और रूस को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने ट्रूथ सोशल पर लिखा, चीन के बीजिंग में हमारी हालिया मुलाक़ात में राष्ट्रपति शी ने मुझसे कहा कि वे किसी भी हालत में इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान को हथियार नहीं देंगे और न ही बेचेंगे और इस बात में चीनी कंपनियां भी शामिल थीं। हमारे रिश्तों को देखते हुए, मैं उनकी बात पर भरोसा करता हूं और वैसे भी, मैं उन पर बहुत बड़े एहसान भी कर रहा हूं। इसी तरह, यूक्रेन में चल रही भयानक जंग के बावजूद (राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के साथ भी रिश्ते वैसे ही बने हुए हैं) राष्ट्रपति पुतिन ने मुझसे कहा कि वे ईरान को हथियार नहीं बेचेंगे।
चीन और रूस को दे दी धमकी
ट्रंप ने चीन और रूस को लेकर आगे कहा, वे समझते हैं कि मैं यूक्रेन को हथियार नहीं बेचता, बल्कि NATO देशों को बेचता हूं। वे पूरी कीमत चुकाते हैं, और उन हथियारों का आगे कैसे इस्तेमाल होता है, मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं होती। इसलिए, मेरी राय में, ईरान के मामले में अक्सर जिन दो बड़े देशों का ज़िक्र होता है, वे इसमें शामिल नहीं हो रहे हैं। अगर वे ऐसा करते, तो यह उनके लिए बहुत बुरा होता, निश्चित रूप से यह उनके हित में नहीं होता। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद!
ट्रंप ने नाटो को भी दे दी चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को यूरोपीय संघ पर भारी एंटी-ट्रस्ट जुर्माना लगाकर अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों को गलत तरीके से निशाना बनाने का आरोप लगाया और संघ पर टैरिफ लगाने व जांच शुरू करने की धमकी दी। ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में, ट्रंप ने दावा किया कि EU ने बार-बार Google, Apple, Meta और Amazon जैसी बड़ी अमेरिकी कंपनियों पर जुर्माना लगाया है। उन्होंने इस कार्रवाई को भेदभावपूर्ण बताया और चेतावनी दी कि उनका प्रशासन इसका जवाब देगा।
अमेरिका यूरोप के लिए 'पिग्गी बैंक' नहीं है
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि गूगल पर अब तक यूरोपियन यूनियन 18 अरब डॉलर से ज़्यादा का जुर्माना लगा चुका है, जिसमें हाल ही में लगाया गया 1 अरब डॉलर का जुर्माना भी शामिल है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एप्पल पर 15 अरब डॉलर, मेटा पर 3 अरब डॉलर और अमेज़न पर 2.5 अरब डॉलर का जुर्माना लगाया गया है। ट्रंप ने नाटो देशों को धमकी दी और कहा, अमेरिका यूरोप का पिग्गी बैंक नहीं है और ना ही हम बनने देंगे।
ये भी पढ़ें:
'होर्मुज में जहाज पर हमला हुआ तो एक पुल या पावर प्लांट उड़ा देंगे', ईरान को ट्रंप ने दी एक और धमकी