Israel US Iran War: इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने बड़ा बयान दिया है। काट्ज ने कहा है कि खमेनेई वंश का पूरी तरह से सफाया करने के लिए हम संयुक्त राज्य अमेरिका से हरी झंडी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह वही वंश है जिसने इजरायल के खिलाफ विनाशकारी योजना की शुरुआत की थी और जो ईरानी आतंकी शासन के नेतृत्व का उत्तराधिकारी भी है।
'ईरान को अंधकार युग में धकेलने के लिए तैयार हैं'
इजरायल के रक्षा मंत्री यहीं नहीं रुके उन्होंने यह भी कहा कि उनका देश ईरान की प्रमुख ऊर्जा और बिजली सुविधाओं को नष्ट करके तथा उसके राष्ट्रीय आर्थिक बुनियादी ढांचे को कुचलकर, उसे वापस अंधकार युग में धकेलने के लिए भी अमेरिका के ग्रीन सिग्नल का इंतजार कर रहा है।
काट्ज ने पहले किया था बड़ा खुलासा
इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज अपने आक्रामक बयानों के लिए जाने जाते हैं। पहले भी काट्ज कई बड़े बयान दे चुके हैं। काट्ज ने 5 मार्च 2026 को एक टीवी इंटरव्यू में बड़ा खुलासा करते हुए कहा था कि उनके देश ने पिछले साल नवंबर में ही अयातुल्ला अली खामेनेई को मारने का फैसला कर लिया था। यह फैसला प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ एक गोपनीय बैठक में लिया गया था।
इजराइल काट्ज का बड़ा दावा
हाल ही में इजराइल काट्ज ने दावा करते हुए कहा था कि इजरायली सेना के जोरदार हमलों के बाद हिजबुल्लाह सीजफायर चाहता है। उन्होंने कहा था कि इजरायली हमलों में सैकड़ों आतंकी मारे गए हैं। काट्ज ने यह भी कहा कि अगर ईरान हिजबुल्लाह के समर्थन में हमला करता है तो इजरायल जोरदार जवाब देने के लिए सेना तैयार है। फिलहाल, इजरायल और लेबनान के बीच सीजफायर चल रहा है।
ट्रंप का सख्त रुख
इस बीच यहां यह भी बता दें कि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी सेना को होर्मुज जलडमरूमध्य को अवरुद्ध करने वाली छोटी ईरानी नावों को नष्ट करने का आदेश दे दिया है। राष्ट्रपति ने कहा है, ''मैंने अमेरिकी नौसेना को आदेश दिया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पानी में बारूदी सुरंगें बिछाने वाली किसी भी नाव, चाहे वह छोटी ही क्यों ना हो, को गोलीबारी कर नष्ट कर दिया जाए।'' उन्होंने कहा, ''किसी भी प्रकार की झिझक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा, हमारे बारूदी सुरंग हटाने वाले यंत्र इस समय जलडमरूमध्य को साफ कर रहे हैं। ''
यह भी पढ़ें:
जेलेंस्की का बड़ा दावा, बोले- 'ईरान जंग के बावजूद अमेरिका से जारी है यूक्रेन को हथियारों की सप्लाई'
ईरान से संघर्ष के बीच NATO सहयोगियों को झटका देने की तैयारी में अमेरिका, जानें क्या है Naughty And Nice वाली सूची
Latest World News