1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. जेलेंस्की का बड़ा दावा, बोले- 'ईरान जंग के बावजूद अमेरिका से जारी है यूक्रेन को हथियारों की सप्लाई'

जेलेंस्की का बड़ा दावा, बोले- 'ईरान जंग के बावजूद अमेरिका से जारी है यूक्रेन को हथियारों की सप्लाई'

 Published : Apr 23, 2026 07:40 pm IST,  Updated : Apr 23, 2026 07:40 pm IST

रूस और यूक्रेन में जारी जंग के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बड़ी बात कही है। जेलेंस्की ने कहा कि उनके देश को अमेरिका की ओर से हथियारों की सप्लाई निरंतर जारी है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की- India TV Hindi
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की Image Source : AP

कीव: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने गुरुवार को कहा कि ईरान जंग के बावजूद यूक्रेन को अमेरिकी हथियारों की सप्लाई रुकी नहीं है। यूक्रेन के लंबी दूरी के हमले रूसी तेल उत्पादन और मैन्युफैक्चरिंग प्लांट पर लगातार भारी पड़ रहे हैं। जेलेंस्की ने पत्रकारों को भेजे गए वॉइस मैसेज में कहा, "बेशक, हम उन जगहों पर हमला कर रहे हैं जो रूस के लिए सबसे ज्यादा तकलीफदेह हैं।" उन्होंने बताया कि इन हमलों में रूस को अरबों डॉलर का नुकसान हुआ है।

यूक्रेन ने रूस के अंदर तक किए हमले

जेलेंस्की के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना संभव नहीं था, लेकिन रूसी अधिकारियों ने बताया है कि यूक्रेन के हमलों ने रूस के अंदर 1,000 किलोमीटर (600 मील) से भी ज्यादा दूरी पर स्थित बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया है। रूस की ओर से जारी हमलों के बीच यूक्रेन अपने देश में ही विकसित ड्रोन और मिसाइल तकनीक का इस्तेमाल कर रूसी इलाकों पर हमले कर रहा है। इसके अलावा, यूक्रेन की सेना रूसी मिसाइल हमलों को रोकने के लिए अमेरिका में बने 'पैट्रियट' हवाई रक्षा प्रणालियों का भी इस्तेमाल कर रही है।

Russia Ukraine War
Image Source : APRussia Ukraine War

'यूक्रेन देगा रूस को करारा जवाब'

वोलोदिमीर जेलेंस्की ने यह भी कहा, ''हम देख रहे हैं कि रूसी सेना रुकने का नाम नहीं ले रही है। वो हमारे ऊर्जा क्षेत्र और हमारे लोगों को लगातार निशाना बना रहे हैं। हम इसका करारा जवाब देंगे।'' हाल ही में रूस की ओर किए गए हमले में यूक्रेन के मध्य शहर निप्रो में 3 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 10 अन्य घायल हुए हैं। इस हमले में 13 मंजिला इमारत समेत एक प्रशासनिक बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा है।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने क्या कहा?

रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि रूसी हवाई सुरक्षा प्रणालियों ने रूसी क्षेत्रों, कब्जे वाले क्रीमिया प्रायद्वीप, आज़ोव सागर और काला सागर के ऊपर 154 यूक्रेनी ड्रोनों को रोक दिया है। रूस के काला सागर तट पर स्थित क्रास्नोडार क्षेत्र के अधिकारियों ने बताया कि काला सागर बंदरगाह तुआपसे में 276 दमकलकर्मी लगातार तीसरे दिन भीषण आग से जूझ रहे हैं, जो इस सप्ताह की शुरुआत में एक यूक्रेनी ड्रोन हमले के कारण लगी थी।

यह भी पढ़ें:

अमेरिकी सेना ने हिंद महासागर में की कार्रवाई, ईरान से जुड़े एक और तेल टैंकर को किया जब्त; देखें VIDEO

ईरान से संघर्ष के बीच NATO सहयोगियों को झटका देने की तैयारी में अमेरिका, जानें क्या है Naughty And Nice वाली सूची

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश