Israel-Hamas War: फिलिस्तीनियों की मौत का आंकड़ा पहुंचा 69,000 के पार, इजरायल ने लौटाए 15 और लोगों के शव
इजरायल-हमास युद्ध में फिलिस्तीनियों की मौत का आंकड़ा अब 69 हजार के पार पहुंच गया है। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को इसकी पुष्टि की है। वहीं इजरायल ने हमास को 15 और बंधक फिलिस्तीनियों के शव लौटाए हैं।
खानयूनिस(गाजापट्टी): गाजा में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 69,000 हो गया है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि सात अक्टूबर, 2023 को हमास द्वारा इजरायल पर किए गए हमले के बाद से मृतकों की संख्या 69,169 हो गई है तथा 170,685 लोग घायल हुए हैं। गाजा पट्टी में युद्ध विराम की घोषणा के बाद से मलबे के नीचे शव बरामद होने से मृतकों की संख्या बढ़ रही है। वहीं शनिवार को इजरायल ने हमास को 15 और फिलिस्तीनियों के शव वापस किए हैं।
इजरायल से मिले शवों की हमास ने की पुष्टि
गाजा के अस्पताल अधिकारियों और हमास ने बताया कि उन्हें युद्ध विराम समझौते के तहत इजरायल की ओर से सौंपे गए 15 फिलस्तीनियों के शव मिल गए हैं। एक दिन पहले हमास ने बंधक बनाए गए एक व्यक्ति का शव इजरायल को लौटा दिया था। युद्ध विराम समझौते के तहत इजरायल ने प्रत्येक इजराइली बंधक के बदले 15 फिलस्तीनियों के शव सौंपे हैं। अधिकारियों ने बताया कि शव शनिवार को खान यूनिस स्थित नासिर अस्पताल लाए गए। हमास द्वारा एक और व्यक्ति का शव सौंपा जाना अमेरिका की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम समझौते के क्रियान्वयन की दिशा में एक और कदम है।
हमास ने भी सौंपा एक बंधक का शव
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय से जारी एक बयान के अनुसार हमास ने एक और बंधक का शव सौंपा है, जिसकी पहचान लियोर रुडेफ के रूप में हुई है। ‘होस्टेजेस एंड मिसिंग फैमिलीज फोरम’ ने बताया कि रुडेफ का जन्म अर्जेंटीना में हुआ था और वह बचपन में दक्षिणी इजरायल आ गया था। फोरम ने बताया कि हमास के हमले में रुडेफ की मौत हो गई थी, जिसके बाद उसका शव गाजा ले जाया गया था। युद्धविराम समझौता 10 अक्टूबर को लागू होने के बाद से फिलस्तीनी चरमपंथियों ने रुडेफ के शव सहित 23 बंधकों के शव सौंप दिए हैं और पांच बंधक अब भी गाजा में हैं।
इजरायल ने अब तक सौंपे 300 शव
इजरायल ने अब तक हमास को 300 फ़िलस्तीनियों के शव सौंप दिए हैं। गाज़ा में स्वास्थ्य अधिकारियों को डीएनए किट उपलब्ध न होने के कारण शवों की पहचान करने में काफ़ी दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने अब तक 84 शवों की पहचान कर ली है। युद्ध विराम की शर्तों के तहत इजरायल को गाज़ा में काफ़ी ज़्यादा राहत सामग्री पहुंचाने की अनुमति देनी होगी। संयुक्त राष्ट्र के उप प्रवक्ता फ़रहान हक़ के अनुसार, इस समझौते के तहत राहत कार्य अभी भी गाज़ा में ज़रूरत से काफी कम हैं। उन्होंने बताया कि गाजा में 2,00,000 मीट्रिक टन से ज़्यादा राहत सामग्री पहुंचाने की योजना है, लेकिन अभी तक केवल 37,000 टन ही पहुंचाई जा सकी है। (भाषा)
यह भी पढ़ें
