1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. कुवैत में क्रैश हुआ अमेरिका का घातक F-15 लड़ाकू विमान, सामने आया Video, ईरान का दावा- हमने मार गिराया

कुवैत में क्रैश हुआ अमेरिका का घातक F-15 लड़ाकू विमान, सामने आया Video, ईरान का दावा- हमने मार गिराया

अमेरिका और इजरायल साथ मिलकर ईरान में तबाही मचा रहे हैं। हालांकि, ईरान भी इजरायल और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है। इस बीच जानकारी सामने आई है कि कुवैत में अमेरिका का घातक F-15 लड़ाकू विमान क्रैश हो गया है।

F-15 has crashed in Kuwait- India TV Hindi
Image Source : BOEING/X(@IRANMILITARY24) अमेरिका का लड़ाकू विमान क्रैश।

मिडिल ईस्ट में आज तीसरे दिन भी जबरदस्त जंग चल रही है। इजरायल और अमेरिका ईरान पर जबरदस्त बमबारी कर रहे हैं तो वहींस दूसरी ओर ईरान इजरायल समेत दूसरे देशों में भी मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है। इस जंग के बीच एक चौंका देने वाली खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, कुवैत में अमेरिका का एक F-15 लड़ाकू विमान क्रैश हो गया है। इसके क्रैश होने का वीडियो भी सामने आया है। बता दें कि F-15 लड़ाकू विमान दुनिया के कुछ सबसे घातक और आधुनिक विमानों में से एक माना जाता है।

Video आया सामने

ईरान से जुड़े कई हैंडल्स ने दावा किया है कि कुवैत में अमेरिका का जो F-15 लड़ाकू विमान क्रैश हुआ है उसे मार गिराया गया था। सामने आए वीडियो में विमान में हवा में ही आग लगते हुए दिखाया जा रहा है। वहीं, विमान हवा में ही काफी देर तक गोल-गोल घूमते हुए नीचे गिर जाता है। बताया जा रहा है कि विमान का पायलट सुरक्षित है। हालांकि, अब तक इस खबर की पुष्टि न तो अमेरिकी सेना ने की है और न ही कुवैती सेना ने। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

अमेरिका के कई विमान क्रैश- कुवैत

कुवैत के रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया है कि "आज सुबह कई अमेरिकी जंगी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए, और उनके सभी पायलट सुरक्षित हैं। संबंधित अधिकारियों ने तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया और चालक दल के सदस्यों को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक चिकित्सा देखभाल प्रदान की गई। उनकी हालत स्थिर है। घटना की परिस्थितियों के संबंध में अमेरिकी सेनाओं के साथ सीधा समन्वय किया गया और संयुक्त तकनीकी उपाय किए गए। संबंधित अधिकारी दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी रखे हुए हैं।"

Image Source : X (@Kuwait Army)कुवैत ने जारी किया बयान।

ईरान में मिलिट्री ठिकानों पर हमले जारी

अमेरिका का ईरान में मिलिट्री ठिकानों पर हमले लगातार जारी है। अमेरिकी सेना की तरफ से हमले के वीडियो भी जारी किए जा रहे हैं जिनमें ईरान के मिलिट्री ठिकाने को मिसाइल और बम से उड़ाते हुए देखा जा सकता है। अमेरिका और इज़राइल ने पिछले दो दिनों में ईरान के अंदर 2,000 से ज्यादा टारगेट्स पर हमले किए हैं। इन हमलों में खामेनेई के कंपाउंड के अलावा मिसाइल स्टोर, एयर डिफेंस सिस्टम, नेवी प्रॉपर्टीज और अहम सैन्य बुनियादी ढांचों को टारगेट किया गया है और ये हमले अभी रुके नहीं हैं। ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले अब भी जारी हैं और ये कब थमेगा ये कहना मुश्किल है। 

एक तरफ जहां ईरान ने यरुशलम, तेल अवीव और किरयात ओनो में हमले किए तो इजरायल ने भी तेहरान में कल रात जबरदस्त बमबारी की। तेहरान में ईरान के स्टेट टीवी के दफ्तर पर भी हमले हुए। वहीं, ईरान ने भी इजरायल के बाहर अमेरिकी बेस को निशाना बनाया। ईरान ने बहरीन और इराक में अमेरिकी बेस पर हमले किए जिसमें काफी नुकसान की खबर है।

ये भी पढे़ं- ईरान में जंग को लेकर पाकिस्तान और Pok में क्यों मारे गए 22 लोग? 100 से ज्यादा लोग घायल, जानें पूरा मामला

खामेनेई की मौत पर ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- "इससे पहले कि वह मुझे मार देता, मैंने उसे मार गिराया, उसने 2 बार कोशिश की थी"

Latest World News