लाहौर: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरयम नवाज के नेतृत्व वाली सरकार की सिफारिश पर तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (TLP) पर प्रतिबंध लगाया गया है। अब मरयम के पति ने जो बयान दिया है उसकी जमकर आलोचना हो रही है। हाल ही में लाहौर से लगभग 170 किलोमीटर दूर चिओट जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए मरयम के पति कैप्टन (सेवानिवृत्त) सफदर अवान ने अल्पसंख्यक अहमदिया समुदाय के खिलाफ नफरती भाषण दिया था। अवान ने इस दौरान दुआ भी की थी कि पाकिस्तान के हर घर में मुमताज कादरी पैदा हो।
समझें पूरा मामला
पंजाब प्रांत के पूर्व गवर्नर सलमान तासीर की साल 2011 में हत्या कर दी गई थी। तासीर की हत्या करने के जुर्म में मुमताज कादरी को फरवरी 2016 में फांसी दे दी गई थी। तासीर के पुलिस गार्ड कादरी ने उन्हें इसलिए गोली मार दी थी, क्योंकि गवर्नर ने ईशनिंदा कानूनों की आलोचना की थी और ईशनिंदा की आरोपी ईसाई महिला आसिया बीबी का समर्थन किया था।
'हर घर में मुमताज कादरी पैदा हो'
मरयम के पति सफदर ने कहा कि वो चाहते हैं कि ‘खत्म-ए-नबूवत’ की हिफाजत करने के लिए पाकिस्तान के हर घर में मुमताज कादरी जैसा व्यक्ति पैदा हो। उन्होंने कहा कि उन्हें डर है कि कहीं कादियानी (अहमदिया समुदाय) चिनाब नगर में जमीन खरीदकर इजरायल की तरह अपना देश ना बना लें। ‘खत्म-ए-नबूवत’ इस्लामी अवधारणा है जिसका मतलब है कि पैगंबर मोहम्मद अल्लाह की ओर से भेजे गए सभी पैगंबरों में अंतिम पैगंबर हैं और उनके बाद कोई पैगंबर नहीं आएगा।
निशाने पर अहमदिया समुदाय
सफदर लगातार कादरी के समर्थन में मुखर रहे हैं और अहमदिया समुदाय को निशाना बना रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सफदर के भाषण को ‘खतरनाक और कट्टर’ करार दिया है। लोगों ने मरयम से अपने पति के नफरत भरे भाषण के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। ऐसा तब है जब पंजाब सरकार के अनुरोध पर टीएलपी पर प्रतिबंध लगाया गया है। पिछले महीने पुलिस और टीएलपी समर्थकों के बीच हिंसक झड़पों में पुलिसकर्मियों सहित 16 लोग मारे गए थे और 1,600 से अधिक लोग घायल हुए थे। (भाषा)
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान की करतूत देख लीजिए, पहले की 'नापाक' हरकत अब दे रहा है सफाई; जानें पूरा मामला
गाजा में हुई शांति तो अब इजरायल ने इस देश में मचा दी तबाही, किए भीषण हवाई हमले
Latest World News